Punjab
मोहल्ला सरावज्ञान में खराब हुए ट्रांसफार्मर को कराया दुरुस्त, राहत
कण्डेला में रखा ट्रांसफार्मर फुंका, ग्रामीण हलकान
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: मोहल्ला सरावज्ञान में ओवरलोड की वजह से खराब हुए ट्रांसफॉर्मर व विद्युत वायर को विभाग की टीम ने दुरुस्त कराया। आपूर्ति बहाल होने से लोगो ने राहत की सांस ली है।
क्षेत्र में पड़ रही भयंकर गर्मी आमजन के साथ-साथ विद्युत विभाग के लिए भी चुनौती पेश कर रही है। भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति हेतु रखे गए उपकरण भी जवाब दे रहे है। ओवरलोडिंग के चलते शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे कस्बे के मोहल्ला सरावज्ञान में रखे 400 केवीए ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिससे ट्रांसफार्मर में लगी एलटी की लीड पिघलकर आपस चिपक गई।
ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब 350 घरों की आपूर्ति ठप्प हो गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने का वीडियो रात्रि में ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सुबह करीब आठ बजे विद्युत विभाग की टीम अवर अभियंता अजय शर्मा के नेतृत्व में मोहल्ले में पहुंची। टीम में शामिल मैकेनिकों ने करीब आठ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल की, जिस पर लोगो ने राहत की सांस ली। हालांकि इस दौरान भयंकर गर्मी के चलते बिना बिजली के लोगो का हाल-बेहाल रहा।
कण्डेला में रखा ट्रांसफार्मर फुंका, ग्रामीण हलकान
शुक्रवार तड़के करीब दो बजे गांव कण्डेला में तालाब के निकट भूरा-जगनपुर तिराहे पर रखा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक फुंक गया, जिससे करीब एक दर्जन घरों की बत्ती गुल हो गई। पंखे-कूलर बंद होने से भयंकर गर्मी के चलते लोग नींद से जाग गए। जैसे-तैसे ग्रामीणों ने रात पूरी की। सुबह मामले की सूचना विद्युत विभाग को दी गई, जिस पर अवर अभियंता साजिद अली के नेतृत्व में ट्रांसफार्मर को बदले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। दोपहर करीब तीन बजे तक फुंके ट्रांसफार्मर को रिप्लेस किया गया।
शाम के समय आपूर्ति बहाल होने से लोगो ने राहत महसूस की। हालांकि इससे पूर्व लगभग 16 घंटों तक दर्जनों घरों के ग्रामीण भीषण गर्मी की मार झेलते रहे। वहीं, शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे कण्डेला में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के सामने हाईवोल्टेज लाइन के फ्यूज उड़ गए, जिससे कण्डेला के अलावा जगनपुर व हिंगोखेड़ी के सैंकड़ों घरों की आपूर्ति बंद हो गई। आपूर्ति ठप्प होने से ग्रामीणों ने भारी समस्या का सामना करना पड़ा।
हालांकि प्रातः करीब आठ बजे बिजलीघर में तैनात लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर फ्यूज जोड़े, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। ग्रामीणों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से रात्रि के समय भी बिजलीघर पर लाइनमैन तैनात किए जाने की मांग की है।
17.jpg)
About The Author