होमगार्ड पर नपा ड्राइवर के साथ मारपीट का आरोप, सफाईकर्मियों का हंगामा
होमगार्ड पर कार्रवाई की मांग, सफाईकर्मियों का हंगामा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सफाईकर्मियों ने नायब तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड पर नगरपालिका के ड्राइवर के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए हंगामा-प्रदर्शन किया है। उन्होंने आरोपी होमगार्ड के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने की मांग करते हुए पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है।
सोमवार को नगरपालिका परिषद में तैनात सफाईकर्मियों ने हंगामा-प्रदर्शन करते हुए कोतवाली पुलिस को एक शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि मेहरबान नामक व्यक्ति आउटसोर्सिंग के माध्यम से नगरपालिका में ड्राइवर का कार्य करता है। वह विगत रविवार शाम नगरपालिका के एंटी स्मॉक वाहन से मुख्य मार्ग पर कार्य कर रहा था। कस्बे के मुख्य पानीपत-शामली मार्ग पर स्थित भारत मैरिज होम के सामने तकनीकी खराबी के कारण एंटी स्मॉक वाहन सड़क पर ही बंद हो गया, जिस पर मेहरबान वाहन को छोड़कर निकट से ही मिस्त्री को लेने चला गया।
वापिस आने पर उसे नायब तहसीलदार व उनकी सुरक्षा में तैनात होमगार्ड वहां मौजूद मिले। आरोप है कि सुरक्षा में तैनात होमगार्ड ने जानकारी किये बगैर ही उसके साथ में मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि होमगार्ड ने मेहरबान के साथ मौजूद सफाईकर्मी दीपांशु व सन्नी से भी गाली-गलौच करते हुए जातिसूचक शब्द कहे। इस पर मेहरबान व सफाईकर्मियों ने चुपचाप अपना वाहन साइड में कर लिया। पत्र में आरोपी होगमार्ड के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किये जाने की मांग की गई है। ऐसा न होने पर सफाई यूनियन संघ के द्वारा अग्रिम कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। वहीं, नायब तहसीलदार ने बताया कि मारपीट व गाली-गलौच के आरोप बेबुनियाद व निराधार है। एंटी स्मॉक वाहन सड़क के बीच में खड़ा था, जिसके चलते मार्ग पर जाम लग गया था। ड्राइवर को केवल वाहन हटाने के लिए कहा गया था।
10.jpg)
About The Author