Sirsa News: पिता की बरसी पर सरसा के इस परिवार की अनूठी व बेमिसाल पहल, चहुँ ओर हो रही प्रशंसा

बेटी गोद लेकर सामाजिक संस्थाओं को दी सहायता राशि

Manmohan Picture
Published On

गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। गांव रिसालियाखेड़ा में पूर्व सरपंच स्वर्गीय आसा राम सुथार की पांचवीं पुण्यतिथि पर उनके परिवार ने समाज को प्रेरित करने वाला सराहनीय कदम उठाया। परिवार ने इस अवसर को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखते हुए एक बेटी को अपनाने का निर्णय लिया और साथ ही चार सामाजिक संस्थाओं को आर्थिक सहयोग देकर मानवता की मिसाल पेश की। Sirsa News

पूर्व सरपंच के पुत्र ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि परिवार को लंबे समय से बेटी की कमी महसूस हो रही थी। इसी भावना के चलते पुण्यतिथि के अवसर पर परिवार ने एक बेटी को गोद लेकर उसे परिवार का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अनूठे निर्णय ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बनकर लोगों का दिल जीत लिया।

इतना ही नहीं, परिवार ने समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए गांव की गौशाला में पशुओं के लिए फीड उपलब्ध करवाया। इसके अलावा वन मित्र टीम, खेल स्टेडियम विकास कमेटी रिसालियाखेड़ा और मंडी डबवाली एंबुलेंस सेवा ट्रस्ट को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेंट कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। ओमप्रकाश सुथार ने कहा कि कई लोग मृत्यु भोज जैसी परंपराओं पर अनावश्यक खर्च कर देते हैं, जबकि यदि यही धन समाजहित और जरूरतमंदों की सहायता में लगाया जाए तो उससे सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे अवसरों को समाजसेवा और जनकल्याण से जोड़कर नई मिसाल कायम करें। परिवार की इस प्रेरणादायक पहल की क्षेत्रभर में खूब सराहना हो रही है। लोग इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश मान रहे हैं, जो न केवल बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देता है, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए भी प्रेरित करता है। Sirsa News

About The Author

Related Posts