Ganga Dussehra: गंगा दशहरे पर यमुना में बड़ा हादसा: तीन युवक डूबे, चार घंटे तक नहीं पहुंची नाव और गोताखोर

एक को बचाने गए दो और युवक भी समाए गहरे पानी में, ग्रामीण खुद कर रहे तलाश

Sarvesh Kumar Picture
Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: घरौंडा क्षेत्र के लालूपुरा घाट के पास गंगा दशहरे के मौके पर यमुना में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। नहाते वक्त एक युवक के डूबने पर उसे बचाने के लिए दो अन्य आगे बढ़े और तीनों ही पानी में समा गए, हालांकि दो ओर युवक भी तीनों को बचाने के लिए कूदे थे, लेकिन उनको सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना के बाद परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गए। घटना के कई घंटे बाद भी प्रशासन की ओर से नाव और गोताखोर नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में रोष बढ़ गया। शाम को गोताखोरों की टीम पहुंची और सर्च ऑप्रेशन शुरू हुआ, लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

सोमवार को सात युवक गंगा दशहरे पर नहाने के लिए घाट पर पहुंचे थे। शुरुआत में सभी कम गहराई वाले हिस्से में नहा रहे थे, लेकिन बाद में वे आगे बढ़ गए। तभी गांव मुबारकाबाद निवासी रमेश कुमार गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए गांव कुटेल गामड़ी निवासी 19 वर्षीय मोंटी आगे बढ़ा, लेकिन वह भी डूब गया। इसके बाद 23 वर्षीय गांव कुटेल गामड़ी निवासी मंगता राम उर्फ संजू ने भी छलांग लगा दी और वह भी पानी में समा गया। जहां हादसा हुआ वहां पानी की गहराई करीब 30 फुट बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही घरौंडा तहसीलदार अरविंद यादव और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। लेकिन करीब चार घंटे बीतने के बावजूद न तो कोई नाव मौके पर पहुंची और न ही गोताखोर। इससे नाराज ग्रामीणों ने खुद ही नदी में उतरकर युवकों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की धीमी कार्रवाई के कारण समय पर मदद नहीं मिल पाई।

मजदूरी कर परिवार चला रहे थे तीनों युवक

तीनों युवक दिहाड़ी मजदूरी करते थे और घर से नहाने के लिए यमुना जाने की बात कहकर निकले थे। मंगता राम उर्फ संजू दो बच्चों का पिता था। रमेश कुमार सात भाइयों में छठे नंबर पर था। मोंटी के परिवार में दो भाई हैं। घटना के बाद तीनों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस और प्रशासन जुटा तलाश में

घरौंडा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि तीन युवकों के डूबने की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और सर्च अभियान चलाया जा रहा है। तहसीलदार अरविंद यादव ने कहा कि तीनों युवकों की तलाश जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Gharaunda News (2)
Gharaunda News: मृतक मंगता उर्फ संजू, मोंटी व रमेश की फाइल फोटो।

About The Author

Related Posts