कॉमेडियन कपिल शर्मा के घर के बाहर फायरिंग की खबर निकली अफवाह
अमृतसर पुलिस ने किया खंडन
अमृतसर (सच कहूँ न्यूज)। Amritsar News: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों का खंडन किया है, जिनमें कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर कथित फायरिंग की घटना होने का दावा किया जा रहा था।
पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कुछ गैर-जिम्मेदार लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी जानकारी फैला रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत तथ्यों की जांच की और स्पष्ट किया कि ऐसी कोई फायरिंग की घटना सामने नहीं आई है। अमृतसर पुलिस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि कथित फायरिंग की खबरों की पूरी तरह जांच की गई, लेकिन किसी भी प्रकार की गोलीबारी की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि के कोई भी जानकारी साझा करने से बचें।
सहायक पुलिस आयुक्त कमलजीत सिंह औलख ने कहा कि आम नागरिक केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर फैल रही अटकलों और चर्चाओं के बीच पुलिस ने यह स्पष्टीकरण जारी कर स्थिति साफ की है। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि अफवाहें फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है और गलत सूचना फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। बता दें अमृतसर के पॉश इलाके हॉली सिटी में कपिल शर्मा का घर है, इस घर में कपिल के बहन और जीजा रहते हैं, जबकि कपिल शर्मा फिलहाल परिवार के साथ मुंबई में हैं। इससे पहले उनके कनाडा में स्थित कैफे पर 3 बार फायरिंग हुई थी।