असफलता से सीख लेकर जीवन में आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी- एसडीएम अमित कुमार
विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाने की सलाह: एसडीएम अमित कुमार
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda: प्रताप स्पोर्ट्स स्कूल में प्रातः कालीन सभा के दौरान आयोजित समारोह में स्थानीय उपमंडल अधिकारी अमित कुमार ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के मूल मंत्र से प्रेरित किया। एसडीएम अमित कुमार ने विद्यार्थियों से अपने जीवन के संघर्ष, मेहनत और सफलता के अनुभव साझा किए। किसी भी व्यक्ति के जीवन में सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि इसके पीछे वर्षों की मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास छिपे होते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में छठे प्रयास में सफलता प्राप्त की थी। कई बार असफल होने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की ओर लगातार प्रयास करते रहे।
इसी दृढ़ निश्चय और निरंतरता ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता जीवन का अंत नहीं होती, बल्कि वह सफलता की ओर बढ़ने का एक महत्वपूर्ण चरण होती है। जो विद्यार्थी अपनी गलतियों से सीख लेते हैं और लगातार मेहनत करते रहते हैं, वही जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए अनुशासन, समय का सही उपयोग और अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण अत्यंत आवश्यक है। यदि विद्यार्थी पूरी ईमानदारी, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने उद्देश्य पर कार्य करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
एसडीएम अमित कुमार ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। वर्तमान समय में सबसे बड़ी चुनौती समय का सही प्रबंधन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने समय का सदुपयोग पढ़ाई, खेल और व्यक्तित्व विकास में करें। खेल विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाते हैं, जो जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अत्यंत जरूरी गुण हैं। इस अवसर पर प्राचार्य दया दहिया, सुबोध दहिया, द्रोणाचार्य अवार्डी ओमप्रकाश दहिया आदि व्यक्ति मौजूद रहे।
