Punjab Police: पंजाब पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता! अमृतसर में 5.5 किलो हेरोइन और 4 पिस्तौलें बरामद
नशीले पदार्थों और हथियारों के तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने इस अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन, हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। Punjab Police
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के पास से 5.5 किलोग्राम हेरोइन, चार पिस्तौलें और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस सफलता को पंजाब पुलिस की संगठित अपराध और तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने एक ऐसे मॉड्यूल को पकड़ा है, जो नशीले पदार्थों के साथ-साथ अवैध हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में सक्रिय था।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे और पंजाब में आगे आपूर्ति के लिए यह खेप हासिल की गई थी। पुलिस ने इस मामले में एसएसओसी अमृतसर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब इस गिरोह के अन्य सहयोगियों, सप्लाई चैन और इसके पीछे जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को तलाशने में जुटी हैं। Punjab Police
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नशीले पदार्थों, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की तस्करी या अपराध को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि पंजाब में पिछले कुछ वर्षों से सीमा पार से नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय ऐसे गिरोह कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चिंता का कारण रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें न केवल मादक पदार्थ, बल्कि अवैध हथियारों की खेप भी बरामद की गई है। Punjab Police