ट्रैक्टर चालक पर रास्ता रोककर हमला, फायरिंग का आरोप

बीच-बचाव करने आए युवक को भी पीटा, ट्रैक्टर में तोड़फोड़ और मोबाइल फोन ले जाने का आरोप

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर लेकर खेत जा रहे चालक को रास्ते में रोककर मारपीट और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना में ट्रैक्टर चालक सहित दो लोग घायल हो गए। टाउन थाना पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल अजय कुमार (19) पुत्र ओमप्रकाश जाट निवासी वार्ड नम्बर 14-15, बिजारणियावाली ढाणी ने पुलिस को दिए पर्चा बयान में बताया कि वह ट्रैक्टर चालक है और दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है। वह सुरेन्द्र के ट्रैक्टर पर ड्राइवरी करता है। अजय कुमार ने बताया कि 20 मई की रात वह स्वराज ट्रैक्टर लेकर भूनावाली ढाणी से चक 16 एमडी स्थित प्रवीण पूनिया के खेत की ओर जा रहा था।

रात करीब 10 बजे 16 एमडी के कच्चे रास्ते पर पहुंचने पर आरोपियों ने रास्ता रोक लिया। बयान के अनुसार विष्णु बिश्नोई, सुरेन्द्र बिश्नोई, हाकम भाट सहित अन्य लोगों ने ट्रैक्टर रोककर डंडों और रॉड से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पीछे मोटर साइकिल पर आ रहे सुरेन्द्र (30) पुत्र दलवीर जाट निवासी 16 एमडी ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। घायल ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान विष्णु बिश्नोई और सुरेन्द्र बिश्नोई ने फायरिंग की।

फायर होने पर सुरेन्द्र नीचे गिर गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत में आरोप है कि आरोपी ट्रैक्टर में रखा मोबाइल फोन अपने साथ ले गए तथा ट्रैक्टर में तोड़फोड़ भी की। मारपीट में अजय कुमार के सिर, दाहिने घुटने और दाहिने पैर की जांघ पर चोटें आईं। वहीं अस्पताल में भर्ती दूसरे घायल सुरेन्द्र के गर्दन पर खून के निशान, त्वचा छिलने, कान के पास रगड़ के निशान तथा कमर में दर्द की शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने पर्चा बयान और चोटों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल बाबूलाल को सौंपी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। Hanumangarh News

 

About The Author

Related Posts