कर्मचारियों के अधिकारों और निजीकरण के विरोध की उठी आवाज

16 जून तक मांगें नहीं मानी गईं तो एसई कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। बिजली घर मजदूर यूनियन (इंटक) का कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम राजस्थान इंटक (Power Station Workers' Union (INTUC)) के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रांतीय विद्युत मंडल मजदूर फेडरेशन इंटक के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में तकनीकी कर्मचारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। Hanumangarh News

कार्यकर्ता संवाद को संबोधित करते हुए श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल बैठक नहीं, बल्कि मजदूर एकता, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इंटक हमेशा कर्मचारियों की आवाज बनकर खड़ा रहा है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ताओं से बनती है और कार्यकर्ताओं की मजबूती से ही संगठन मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को जाति, क्षेत्र, पद एवं ठेकेदारी जैसे भेदभाव से ऊपर उठकर मजदूर एकता को मजबूत करना होगा। उन्होंने हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में निजीकरण रोकने, तकनीकी कर्मचारियों के साथ न्याय करने तथा कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिला प्रभारी लालचन्द मेहरड़ा ने एफआरटी टीम में कथित भ्रष्टाचार समाप्त करने, जहां कार्मिक उपलब्ध नहीं हैं वहां एफआरटी आदेश निरस्त करने, कार्यालयों में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को उनके मूल कार्य पर लगाने तथा संविदा आधारित सब स्टेशनों पर योग्य कार्मिक नियुक्त करने की मांग की। Hanumangarh News

उन्होंने कहा कि तकनीकी कर्मचारियों से निगम नियमों के अनुरूप ही कार्य लिया जाना चाहिए। राजस्थान इंटक के प्रदेश प्रतिनिधि बैरम खान बागड़वा ने हनुमानगढ़ में संगठन को मजबूत करने, आगामी जिला सम्मेलन को सफल बनाने तथा ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने का आह्वान किया। बिजलीघर मजदूर यूनियन इंटक श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष सुनील गिरी ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और संघर्ष से ही संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि इंटक कार्यकर्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की द्वेषता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा है। बैठक को मुकेश यादव, कुलवंत सिंह, अनिल दुबे, हंसराज पंवार, अशोक कुमार और सतपाल डूडी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन लियाकत अली ने किया। कार्यकर्ता संवाद के बाद यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता रिछपाल चारण से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। Hanumangarh News

ज्ञापन में सभी तकनीकी कर्मचारियों के लिए ड्यूटी रोस्टर जारी करने, एफआरटी में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, कार्यालयों में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों को फील्ड में लगाने, सुरक्षा उपकरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, रीडिंग लेने संबंधी आदेश जारी करने तथा फील्ड में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इंटक संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 16 जून तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो जिला सम्मेलन में निंदा प्रस्ताव पारित कर अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में चमकौर सिंह, सुमित कुमार, राजेंद्र मीणा, अजय तिवारी, अशोक कुमार, मोहम्मद फारूक, सिमरनजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, लखविंद्र सिंह, मोहित कुमार, बलकरण सिंह, रामचंद्र सिंह, मनीष मरेजा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। Hanumangarh News

Intak-Union

About The Author

Related Posts