शिक्षा और रोजगार
Rajasthan Police: महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस हुई और सक्रिय
संपर्क सभा व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिए अहम संदेश
हनुमानगढ़। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान के तहत पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना की अध्यक्षता में विशेष संपर्क सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य फील्ड में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, हेल्पलाइन, कानूनी प्रावधानों तथा जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों से अवगत कराना और उनके प्रभावी समाधान पर चर्चा करना रहा। Hanumangarh News
सभा के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने महिला बीट अधिकारी योजना और कालिका पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने पॉक्सो एक्ट, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से जुड़े प्रावधान, शी-बॉक्स, ई-बॉक्स, राजकॉप सिटीजन एप, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल हेल्पलाइन तथा महिला अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी पुलिस कर्मियों को जागरूक किया गया।
संपर्क सभा के दौरान अधिकारियों ने पुलिस एवं महिला कार्मिकों से सीधा संवाद कर उनकी विभागीय और व्यक्तिगत समस्याएं भी सुनीं। अधिकारियों ने मौके पर ही जायज समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि महिला सुरक्षा अभियान को और प्रभावी बनाने में पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम के दूसरे चरण में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी छात्राओं, महिलाओं, गृहिणियों, पीटीआई, सुरक्षा सखियों तथा राजीविका से जुड़ी महिलाओं के साथ ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण से मिले आत्मविश्वास और अपने अनुभव साझा किए। Hanumangarh News
कई महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अब किसी भी विषम परिस्थिति का सामना करने के लिए अधिक सक्षम महसूस करती हैं। कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिभागियों से सुझाव भी लिए गए। ऑनलाइन वीसी सत्र का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकंवर और महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर ने किया। उन्होंने आत्मरक्षा प्रशिक्षण के महत्व, उसके व्यावहारिक उपयोग तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में इसकी भूमिका पर जानकारी दी।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अरविंद बिश्नोई, सीओ सिटी मीनाक्षी, जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां, सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला, संचित निरीक्षक अनिल कुमार, अपराध सहायक सुभाष कच्छावा सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी, महिला कार्मिक तथा मंत्रालयिक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। Hanumangarh News
About The Author