Tirth Yatra Yojana Rajasthan: वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लिए अगले सप्ताह खुलेगा पोर्टल, 5 जून को रवाना होगी विशेष ट्रेन

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक

Manmohan Picture
Published On

Tirth Yatra Yojana Rajasthan: जयपुर। राजस्थान सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27’ (Senior Citizens’ Pilgrimage Scheme) के तहत जल्द ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इस संबंध में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अगले सप्ताह विभागीय पोर्टल 15 दिनों के लिए खोला जाए, ताकि इच्छुक वरिष्ठ नागरिक आवेदन कर सकें। इस वर्ष योजना के तहत 56 हजार बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 50 हजार यात्रियों को रेल मार्ग और 6 हजार को हवाई यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। Rajasthan News

बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की गई। इसके साथ ही ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा’ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस विशेष धार्मिक यात्रा के तहत 5 जून 2026 को जयपुर से विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसमें प्रदेशभर के लगभग एक हजार वरिष्ठ नागरिक गुजरात स्थित प्रमुख तीर्थ स्थलों सोमनाथ, द्वारका और नागेश्वर के दर्शन के लिए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि यह विशेष ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से दोपहर बाद रवाना होगी।

इसके अलावा अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर भी यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार श्रद्धालु सोमनाथ और द्वारका में रात्रि विश्राम करेंगे तथा वहां धार्मिक स्थलों के दर्शन और भ्रमण की व्यवस्था की जाएगी। यात्रा पूर्ण होने के बाद विशेष ट्रेन निर्धारित कार्यक्रम के तहत वापस जयपुर पहुंचेगी। देवस्थान विभाग की ओर से यात्रा को आरामदायक और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ट्रेन में 14 वातानुकूलित कोच, 2 पावर कार और 1 पैंट्री कार लगाई जाएंगी। यात्रियों के लिए भोजन, होटल में ठहरने, स्थानीय परिवहन तथा दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की समुचित व्यवस्था विभाग की ओर से की जाएगी। Rajasthan News

इसके अलावा यात्रा के दौरान चिकित्सा सुविधाओं के लिए ट्रेन में एक डॉक्टर, दो नर्सिंग कर्मचारी, ट्रेन प्रभारी और प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक तैनात रहेंगे। देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और उनकी धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए इस योजना को पूरी गंभीरता से लागू कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सरल और सहज हो, ताकि बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

साथ ही यात्रा के दौरान सुरक्षा, भोजन, चिकित्सा और ठहरने की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की हों और यात्रियों को सम्मानजनक वातावरण मिल सके। बैठक में मंदिरों के जीर्णोद्धार, सिंधू दर्शन योजना, विभागीय भर्ती प्रक्रिया, ट्रस्ट पंजीकरण और लंबित न्यायिक मामलों के निस्तारण जैसे विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस समीक्षा बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेशभर के संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। Rajasthan News

About The Author

Related Posts