घर पर पथराव कर ड्राइवर को घायल करने का आरोप
सूरेवाला में देर रात हुई घटना, टिब्बी थाने में मामला दर्ज
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव सूरेवाला में देर रात घर पर हमला और पथराव कर एक युवक को घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को पहले टिब्बी अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में जिला अस्पताल हनुमानगढ़ रेफर किया गया। टिब्बी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार गांव सूरेवाला निवासी 65 वर्षीय बलविन्द्र सिंह पुत्र मुंशा सिंह रायसिख ने टिब्बी थाने में रिपोर्ट दी कि उसके पास एक कम्बाइन मशीन है, जिस पर अमनदीप सिंह पुत्र जंगीर सिंह निवासी ढाणी ख्यालीराम वाली ड्राइवर का कार्य करता है। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 मई को कम्बाइन की मरम्मत करने के बाद अमनदीप सिंह रात को बलविन्द्र सिंह के घर पर ही सो गया था। देर रात करीब 11.12 बजे आरोपी गुरी सिंह, गिन्दू सिंह, सुच्चा सिंह, धोनी सिंह, कुरी सहित 7-8 अन्य लोग वहां पहुंचे और दरवाजा खटखटाया।
परिवादी के अनुसार उसके पुत्र राजविन्द्र सिंह ने जैसे ही दरवाजा खोला, आरोपी गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर बरसाने लगे। इस दौरान एक ईंट अमनदीप सिंह के सिर में लगी, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गया। शोर-शराबा सुनकर परिवादी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए।
घायल अमनदीप सिंह को उपचार के लिए टिब्बी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सूरेवाला चौकी प्रभारी एसआई रमेशचन्द्र को सौंपी है। Hanumangarh News