Rajasthan Weather Update: जिले में बदला मौसम, कई क्षेत्रों में बारिश से गर्मी से राहत
नोहर, संगरिया, टिब्बी और रावतसर में बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। भीषण गर्मी के बीच शनिवार को हनुमानगढ़ जिले में मौसम ने करवट ली और कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। जिले के अलग-अलग इलाकों में कहीं बूंदाबांदी, कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। जिले के नोहर, संगरिया, टिब्बी और रावतसर क्षेत्र में मौसम परिवर्तन के साथ सुबह के समय बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई और लोगों को गर्म हवाओं से कुछ राहत मिली। Hanumangarh Weather News
हालांकि राहत पूरे जिले में एक जैसी नहीं रही। वहीं जिला मुख्यालय हनुमानगढ़ पर दिनभर तेज गर्मी और तपिश का असर बना रहा। आसमान से बरसती गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही भी अपेक्षाकृत कम रही।
मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है, जिसके प्रभाव से जिले के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलीं। हालांकि विभाग ने आगामी दिनों में लू चलने की संभावना जताते हुए अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है, ऐसे में लोगों को गर्मी और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। Hanumangarh Weather News