तेज रफ्तार ऑडी कार की टक्कर से यातायात शाखा प्रभारी का बेटा घायल
स्टंट कर रही कार को रोकने पहुंचे थे यातायात शाखा प्रभारी, गेट पर खड़े बेटे को टक्कर मारकर चालक फरार, मामला दर्ज
हनुमानगढ़। टाउन के अल्फा सिटी क्षेत्र में स्टंट कर रही तेज रफ्तार सफेद ऑडी कार की टक्कर से यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा के बेटे के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल युवक को पहले हनुमानगढ़ और बाद में श्रीगंगानगर रेफर किया गया। टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार यातायात शाखा प्रभारी अनिल कुमार चिंदा (56) पुत्र सोमनाथ निवासी 2230 सेकंड, अग्रसेन नगर श्रीगंगानगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 19 मई की रात वह यातायात शाखा की रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान सरकारी अस्पताल के पास पहुंचे तो उन्हें सूचना मिली कि अल्फा सिटी में एक सफेद ऑडी कार तेज रफ्तार से स्टंट कर रही है और पहले भी कई बार आ चुकी है। कार का नम्बर हर बार बदला जाता है।
सूचना मिलने पर यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिंदा स्टाफ के साथ अल्फा सिटी की ओर रवाना हुए। इसी दौरान उनके बेटे लक्ष्य का फोन आया। उन्होंने लक्ष्य को अल्फा सिटी के मुख्य गेट पर पहुंचने के लिए कहा। रिपोर्ट के अनुसार जब पुलिस टीम सरकारी वाहन से अल्फा सिटी के मुख्य गेट पर पहुंची तो लक्ष्य वहां खड़ा था। इसी दौरान एक सफेद ऑडी कार तेज गति और लापरवाही से अल्फा सिटी के अंदर से बाहर की ओर आती दिखाई दी।
आरोप है कि कार को रोकने का इशारा करने के बावजूद चालक ने वाहन की गति और बढ़ा दी तथा गेट के पास खड़े लक्ष्य को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घायल लक्ष्य को तुरंत टाउन के बेनीवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर चोटों के चलते उसे हायर सेंटर जनसेवा अस्पताल श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया।
वर्तमान में उसका उपचार श्रीगंगानगर में जारी है। टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात ऑडी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक कमलजीत सिंह को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन व चालक की तलाश कर रही है। Hanumangarh News