NEET UG 2026 Re-Exam: दोबारा होगी नीट यूजी 2026 परीक्षा, शहर सूचना स्लिप जारी
अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर परीक्षा शहर की ले सकते हैं जानकारी
NEET UG 2026 Re-Exam: नई दिल्ली (एजेंसी)। बीते महीने तीन मई को आयोजित की गई नीट यूजी की परीक्षा में पेपर लीक की शिकायत मिलने पर 11 मई को यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इस मामले में पूरे देश में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को बड़े स्तर पर विरोध झेलना पड़ा और कई बच्चों द्वारा पेपर लीक होने के बाद रद्द हुई परीक्षा से दुखी होकर आत्महत्या तक के समाचार सामने आए थे, जिसके बाद सरकार से सख्त कदम उठाते हुए इस मामले में सीबीआई को इसकी जांच सौंप दी थी औरी अब इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। NEET UG Re Exam
इस बीच नीट यूजी की पुनर्परीक्षा अब 21 जून को होनी है। वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एग्जाम सिटी की अग्रिम सूचना स्लिप जारी कर दी है। अब उम्मीदवार अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर यह देख सकते हैं कि उनका परीक्षा केंद्र देश के किस शहर में निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं है।
एजेंसी के मुताबिक, यह केवल उस शहर की जानकारी देने वाला दस्तावेज है, जहां उम्मीदवार का परीक्षा केंद्र तय किया गया होगा। बता दें कि नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का आयोजन रविवार 21 जून की दोपहर को किया जाएगा। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक पेन-एंड-पेपर मोड में की जाएगी। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित होगी। नीट-यूजी देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है। हर वर्ष लाखों छात्र इस परीक्षा में हिस्सा लेते हैं। NEET UG Re Exam
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का कहना है कि अभ्यर्थी 7 जून से अपनी लॉगिन जानकारी का उपयोग कर आधिकारिक पोर्टल पर परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना स्लिप देख और डाउनलोड कर सकते हैं। एनटीए का कहना है कि सभी विद्यार्थियों को उनकी पहली वरीयता वाले परीक्षा शहर आवंटित करने का हर संभव प्रयास किया गया है, ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कम से कम असुविधा हो।
परीक्षा केंद्र की पूरी जानकारी मिलेगी एडमिट कार्ड में
परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना स्लिप का उद्देश्य अभ्यर्थियों को पहले से यात्रा और अन्य व्यवस्थाओं की योजना बनाने में मदद करना है। इसमें केवल परीक्षा शहर का नाम दिया गया है। परीक्षा केंद्र का पूरा पता और अन्य महत्वपूर्ण विवरण एडमिट कार्ड में उपलब्ध होंगे। एडमिट कार्ड को बाद में अलग से जारी किया जाएगा।
यदि किसी उम्मीदवार को स्लिप डाउनलोड करने में परेशानी आती है, तो वह राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकता है। आवश्यकता होने पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना से सावधान रहें। NEET UG Re Exam