नई धान मंडी से गेहूं चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस बरामदगी और वाहन की तलाश में जुटी
हनुमानगढ़। नई धान मंडी से गेहूं की बोरियां चोरी करने के मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राउंडअप किए गए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत (31) पुत्र मक्खन सिंह जटसिख निवासी चिश्तियां तथा बलकरण सिंह (25) पुत्र हरपाल सिंह जटसिख निवासी सहजीपुरा के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी गई गेहूं की बोरियों, वारदात में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी के प्रयास कर रही है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार नई धान मंडी में गेहूं खरीद सीजन के दौरान किसानों की फसल बड़ी मात्रा में मंडी में पहुंच रही है। इसी बीच कई दिनों से मंडी क्षेत्र में गेहूं की बोरियां गायब होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इस संबंध में वार्ड नम्बर 13, दुर्गा कॉलोनी निवासी 51 वर्षीय राजेश हिसारिया पुत्र राधेश्याम हिसारिया ने 21 मई को जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
रिपोर्ट में राजेश हिसारिया ने बताया कि नई धान मंडी में उनकी हिसारिया ब्रदर्स नाम से आढ़त फर्म संचालित है, जहां किसानों की गेहूं की फसल खरीद के लिए रखी जाती है। पिछले कई दिनों से फर्म से गेहूं की बोरियां लगातार चोरी हो रही थीं। शुरुआत में प्रतिदिन एक-दो बोरियां गायब होने की घटनाएं सामने आईं, जिससे चोरी का अंदेशा तो था लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे थे। काफी समय तक निगरानी और जांच-पड़ताल के बाद एक संदिग्ध वाहन नम्बर एचआर 06 बीजी 1516 की जानकारी सामने आई। Hanumangarh News
आरोप है कि यह वाहन नियमित रूप से मंडी क्षेत्र में आता था और गेहूं की बोरियां चोरी कर ले जाता था। परिवादी के अनुसार उनकी फर्म से अब तक करीब 65 से 70 गेहूं की बोरियां चोरी हो चुकी हैं। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि काफी प्रयासों के बाद संदिग्धों को पकड़ लिया गया और उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही परिवादी ने आशंका जताई थी कि मंडी की अन्य आढ़त फर्मों से भी गेहूं की बोरियां चोरी हुई हो सकती हैं।
मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर प्रथम दृष्टया अपराध मानते हुए जांच हेड कांस्टेबल अमरचंद को सौंपी। जांच अधिकारी ने पूछताछ, मंडी क्षेत्र में जांच और अनुसंधान के बाद आरोपी मनप्रीत और बलकरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और चोरी की गई गेहूं की बोरियों की बरामदगी, वारदात में प्रयुक्त वाहन की जब्ती तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मंडी की अन्य फर्मांे से हुई चोरी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता है या नहीं। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। Hanumangarh News