Hanumangarh News: महिला को बच्चों समेत उठाकर ले जाने, बाल काटने व कालिख पोतने का आरोप

लिव-इन रिलेशन को लेकर विवाद का आरोप, महिला पुलिस थाना में केस दर्ज

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित रूप से जबरन घर से ले जाकर मारपीट करने, बाल काटने, कालिख पोतने और अपमानित करने का मामला सामने आया है। महिला पुलिस थाना में पीड़िता की रिपोर्ट पर कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी रिपोर्ट में एक महिला ने बताया कि उसकी पूर्व में मुकेश के साथ शादी हुई थी, जिससे उसके दो पुत्र हैं। वर्ष 2024 में तलाक होने के बाद पिछले करीब एक वर्ष से उसकी पहचान शिवशंकर पुत्र घनश्यामदास बुनकर निवासी आईटीआई बस्ती से हुई।

रिपोर्ट के अनुसार दोनों ने 28 अप्रैल 2026 को लिव-इन रिलेशन संबंधी दस्तावेज तैयार किए और पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। महिला ने आरोप लगाया कि इस संबंध को लेकर शिवशंकर की पत्नी मीरा, भाई सुशील, भाभी सुशीला, गीता सहित अन्य लोग नाराज थे। परिवाद के अनुसार 24 मई की शाम करीब 7.30 बजे वह पड़ोस में ब्यूटी पार्लर गई हुई थी।

इसी दौरान शिवशंकर की पत्नी मीरा, भाई सुशील, भाभी सुशीला, सुशील के लड़के नितिश, शिवशंकर का लड़का सतीश, कमलेश की लड़की कंचन व पड़ोसी राजपति, मदन, संजय, अर्जुन की पत्नी व दस-पन्द्रह अन्य लोग महिला और उसके दोनों बच्चों का अपहरण कर जबरन टैम्पो में बैठाकर शिवशंकर के घर ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि सुशील ने उसके कपड़े फाड़ दिए तथा गलत नियत से छुआ।

सुशील के कहने पर अन्य महिलाओं ने उसके बाल काट दिए। संजय ने इसकी वीडियो बना ली। इसके बाद उसके चेहरे पर कालिख और गंदा पानी डाला गया तथा चप्पलों की माला पहनाकर अपमानित किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके दोनों बच्चों के साथ भी मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया।

बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे वहां से छुड़ाया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला के मुंह और होंठ पर खरोंच के निशान, दाहिने घुटने पर चोट के निशान पाए गए। साथ ही उसके बाल कटे हुए मिले और चेहरे पर कालिख लगी हुई थी। रिपोर्ट के आधार पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक संतोष को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts