महापुरूष की जयंति पर केवल पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें याद करना  काफी नहीं, उनके दिखाए रास्ते पर चलने की जरूरत है: हरविंद्र कल्याण 

सोहाना में कश्यप चौपाल में हॉल के निर्माण का किया शिलान्यास

Sarvesh Kumar Picture
Published On

घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज भगवान महर्षि कश्यप जयंती पर गांव सोहाना, रावर, बसताड़ा, रायपुर जाटान कॉलोनी और गगसीना में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से महापुरुषों के विचारों को आत्मसात कर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। सोहाना गांव में कश्यप चौपाल में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले हॉल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

कल्याण ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए महर्षि कश्यप के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज महर्षि कश्यप जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि महापुरूष किसी एक जाति से संबंध नहीं रखते। वे 36 बिरादरी के होते हैं। हमें उनके विचारों से जुडक़र आगे बढ़ाना होगा। महर्षि कश्यप सप्त ऋषियों में एक थे। उन्होंने अपने काल में मानवता के लिए काम किया। समाज की एकता पर जोर दिया। आज जरूरत उनके विचारों को अपनाने की है।

मोदी के पीएम बनने पर देश में बदलाव

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब से प्रधानमंत्री बने हैं, देश में एक बदलाव आया है। पिछले कुछ सालों में देश की संस्कृति मजबूत हुई है। संस्कृति से जुडक़र जीवन में सही रास्ते पर आगे बढ़ा जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महापुरूषों की जयंती सरकारी स्तर मनाने का काम शुरू किया। किसी भी महापुरुष की जयंती जब राज्य सरकार मनाती है तो उसमें 36 बिरादरी के लोग भाग लेते हैं और उस महापुरुष के विचार समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं। इससे समाज में एकता व प्रेम का भाव मजबूत होता है।

वसुधैव कुटुंबकम वाक्यांश का जिक्र करते हुए कहा कि महापुरुषों ने पूरी दुनिया को एक परिवार माना है। किसी महापुरूष की जयंति पर केवल पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें याद करना ही काफी नहीं है,  आज उनकी जीवन को पढक़र(विशेषकर युवाओं को) उनके दिखाए रास्ते पर चलने की जरूरत है।

विकास के लिए वातावरण का सही होना जरूरी

कल्याण ने कहा कि पिछले 10 सालों में क्षेत्र में काफी प्रगति हुई है। इस अवधि में क्षेत्र में आईटीआई, कालेज, स्कूल, सडक़, पुल, अस्पताल आदि बनवाए गए। एनसीसी अकादमी, मेडिकल यूनिवर्सिटी, एसएचजी की महिलाओं के लिए ट्रेनिंग सेंटर निर्माणाधीन हैं। विकास का तभी फायदा है जब समाज का वातावरण अच्छा हो। वातावरण अच्छा तब होगा जब महापुरूषों के विचारों के साथ जुड़ेंगे, उन्हें व्यवहार में उतारेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए काम करना होगा। काम ऐसा करें जिससे खुद की तरक्की भी हो और समाज का वातावरण भी बढिय़ा रहे।

मेहनत के संस्कार डालें

उन्होंने कहा कि आज बुजुर्गों की पेंशन, फसल की राशि सीधे खाते में आती है। पढ़ने वाले बच्चों को नौकरी मिल रही है, यह सब व्यवस्था परिवर्तन का नतीजा है। अच्छे कार्यों का फायदा तभी होगा जब भाईचारा अच्छा होगा। बच्चों को ठीक-गलत का अंतर बताना होगा। उनमें मेहनत के संस्कार डालने होंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। युवा पढ़ाई पर ध्यान दें। मेहनत करने वाला कभी मार नहीं खाता।

क्षेत्र में बन रही मेडिकल यूनिवर्सिटी से न केवल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। कल्याण ने कहा कि जिन गांवों में जमीन उपलब्ध होगी वहां खेल के मैदान विकसित कराए जाएंगे। खेलों से अनुशासन व मेहनत के संस्कार आते हैं। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण की भी अपील की।

हॉल का शिलान्यास

उन्होंने सोहाना गांव में 19.42 लाख रुपये की लागत से कश्यप चौपाल में हॉल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। गांव रावर में बताया कि कश्यप चौपाल में हॉल के लिए 11.50 लाख, वाल्मीकि चौपाल के नवीकरण के लिए 13.50 लाख, सिख चौपाल के लिए पौने 11 लाख और सनातन धर्म मंदिर की चारदीवारी आदि के लिए 20 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकास में क्षेत्र को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।

विकास कार्यों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने गांव गगसीना में बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाली मानसी, प्रियंका, नयना, सिमरन, सानिया आदि को ट्राफी देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी।

जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में कल्याण को स्मृति चिह्न के रूप में महर्षि कश्यप का चित्र भेंट किया गया। गांवों में उनका पगड़ी पहनाकर व पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। सोहाना में हरबंस लाल कश्यप व भाजपा नेता धीरज खरकाली ने भी विचार रखे। रावर में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, सरपंच नरेंद्र गुप्ता, धर्मपाल कश्यप, बलिंद्र, सुमेर, रायपुर जाटान में घरौंडा मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, राजेंद्र कश्यप आदि मौजूद रहे।

Gharaunda News

About The Author

Ad Ad

Related Posts