जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 3 युवक गिरफ्तार

6.39 ग्राम हेरोइन के साथ बाइक सवार दो युवकों को दबोचा

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टिब्बी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6.39 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ मोटर साइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना टिब्बी थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। थाना प्रभारी हंसराज मीना के नेतृत्व में एसआई हरबंशलाल व पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान रोही गुडिया क्षेत्र में मोटर साइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 6.39 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी आदिल (22) पुत्र अयूब नियारगर निवासी वार्ड नम्बर 5, आसमीन वीडियो के पास, भानीपुरा मोहल्ला, नोहर तथा सोमिल महतो उर्फ सोनू (19) पुत्र रामआशीष निवासी वार्ड नम्बर 5, सोनड़ी रोड, भानीपुरा मोहल्ला, नोहर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में टिब्बी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच सूरेवाला चौकी प्रभारी एसआई रमेश चन्द्र कर रहे हैं। कार्रवाई में एसआई हरबंशलाल, हैड कांस्टेबल मानाराम तथा कांस्टेबल राजेश कुमार शामिल रहे।

100.35 ग्राम अफीम के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 100.35 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार एसआई पृथ्वी सिंह नरुका के नेतृत्व में नोहर थाना पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान कस्बा नोहर में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने श्रवण सिंह (42) पुत्र मनमोहन सिंह बिश्नोई निवासी रामडावास कलां, जिला जोधपुर को 100.35 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस की कार्रवाई

मामले की जांच नहरी पानी सुरक्षा एवं पानी चोरी निरोधक थाना नोहर के प्रभारी एसआई हनुमान प्रसाद कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में डीएसटी टीम नोहर की गोपनीय सूचना संकलन और साक्ष्य जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई पृथ्वी सिंह नरुका, एएसआई जगदीश प्रसाद, छोटूराम, राजेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल राजकुमार शामिल रहे।

About The Author

Related Posts