Punjab
टिब्बी के सालीवाला गांव में भीषण आगजनी: एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे, लाखों का नुकसान
स्पेयर पार्ट्स स्टोर में लगी आग ने मचाई तबाही, डीजल ड्रम फटा
टिब्बी/हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: टिब्बी क्षेत्र के सालीवाला गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक दो मंजिला मकान और स्पेयर पार्ट्स के स्टोर में लगी भीषण आग के कारण एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आगजनी में कार, जीप और बाइक सहित लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना के दौरान डीजल के ड्रम में हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शॉर्ट सर्किट के बाद डीजल ड्रम में हुआ विस्फोट
मिली जानकारी के अनुसार, सालीवाला गांव के निवासी श्योपतराम सहारण का संगरिया रोड पर स्पेयर पार्ट्स का कारोबार है। दुकान से सटा हुआ ही उनका दो मंजिला मकान है, जिसमें स्पेयर पार्ट्स का स्टॉक भी रखा हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे घर में खड़ी कार की बैटरी में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग ने पास में रखे डीजल के ड्रमों को अपनी चपेट में ले लिया। डीजल के ड्रम में जोरदार विस्फोट होने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान व कृषि स्टोर में फैल गई।
तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे, बीकानेर रेफर
इस भयानक हादसे में श्योपतराम सहारण के परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए:
विजेंद्र (पुत्र श्योपत सहारण)
शारदा (पत्नी श्योपतराम)
पूजा (पत्नी विजेंद्र)
घायलों को तुरंत पास के संगरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीकानेर रेफर कर दिया है।
वाहनों समेत लाखों का सामान खाक, दमकल ने पाया काबू
आग इतनी भयावह थी कि इसकी ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर पूरा क्षेत्र दहशत में आ गया। इस घटना में: एक कार, एक जीप और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गए।
मकान में रखा घरेलू सामान, कीमती कृषि उपकरण और स्पेयर पार्ट्स का पूरा स्टॉक जलकर खाक हो गया।घटना की सूचना मिलने पर संगरिया से दो और टिब्बी से एक दमकल की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
प्रशासन और पुलिस टीम पहुंची मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही टिब्बी थानाधिकारी हंसराज लूणा और बशीर चौकी प्रभारी हरवंश लाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर नायब तहसीलदार सूर्यदेव स्वामी और पटवारी प्रेम सिंह बीका ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और घटना की विस्तृत जानकारी ली।
