दो हजार से अधिक मेधावियों का हुआ सम्मान
गुरु-शिष्य सम्मान समारोह में गूंजा शिक्षा, संस्कार और सफलता का संदेश
Meritorious Students Honored: हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय हनुमानगढ़ की ओर से शिक्षा, संस्कार और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत वातावरण के बीच मंगलवार को आयोजित गुरु-शिष्य सम्मान समारोह 2026 विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण क्लब स्पंदन के अंतर्गत संचालित सद्भाव क्लब के संयोजन में संगरिया की पंचायती धर्मशाला में आयोजित समारोह में बारहवीं कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 2000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। Hanumangarh News
इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, सकारात्मक सोच, संस्कार और निरंतर परिश्रम से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और कठिन परिस्थितियों में भी संघर्ष जारी रखने की प्रेरणा देते हुए कहा आप सभी देश की अमूल्य संपत्ति हैं। यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
मुख्य अतिथि रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि आज देश की भावी पीढ़ी को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की आदत बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए माता-पिता के संघर्ष और त्याग का सम्मान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, जो विद्यार्थी समय के साथ स्वयं को अपडेट रखते हैं वही प्रतिस्पर्धा के दौर में आगे बढ़ते हैं। Hanumangarh News
विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने बताया कि वर्तमान में 12 हजार से अधिक विद्यार्थी विश्वविद्यालय से जुड़े हुए हैं, जिनमें विदेशी विद्यार्थी भी अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय ने योग के क्षेत्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर का कृषि मेला आयोजित किया गया। खेलों में भी 100 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक प्राप्त किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में राजेश गोदारा, नीलम सोनी, राधेश्याम कोटी, देवेंद्र कौर, रजिस्ट्रार मयंक माथुर, पुरुषोत्तम मिड्ढा, पवन मिड्ढा, सीबीईओ सीमा भल्ला, बीईईओ कमलेश गोदारा, सतीश गर्ग, संजय जिंदल, विश्वविद्यालय के कार्यक्रम प्रभारी सुनील बिरट, डॉ. विक्रम औलख, सुरेंद्र अरोड़ा, डॉ. बाबूलाल पारीक, योगेंद्र स्वामी, मनीष भोबिया मौजूद रहे। मंच संचालन मोटिवेशनल स्पीकर अनिल जिज्ञासु एवं मदनलाल शर्मा ने किया। Hanumangarh News