कलाना फायरिंग कांड में घायल एक युवक की मौत, सात जने राउंडअप
मोबाइल दुकान पर दिनदहाड़े हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग, दोनों हमलावरों की लोकेशन दिल्ली में
हनुमानगढ़। भादरा थाना क्षेत्र के गांव कलाना में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक संदीप की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। संदीप का हिसार के अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं फायरिंग में घायल दूसरे युवक मनीष का हिसार में उपचार जारी है। घटना के बाद भादरा थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए सात जनों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। Hanumangarh News
वहीं फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की लोकेशन दिल्ली में मिली है। इस संबंध में शुक्रवार देर रात गांव कलाना निवासी 50 वर्षीय रतनसिंह पुत्र नेकीराम जाट की रिपोर्ट पर भादरा थाना में विशाल पुत्र जयसिंह धाणक निवासी कलाना व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण की जांच थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार गांव कलाना के श्याम चौक स्थित एक मोबाइल फोन की दुकान पर शुक्रवार को मनीष (20) पुत्र चरणसिंह निवासी कलाना और संदीप (18) पुत्र रामावतार निवासी कलाना बैठे हुए थे। इसी दौरान शाम करीब चार बजे मोटर साइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने दुकान के बाहर पहुंचते ही अपने पास मौजूद अलग-अलग पिस्तौलों से दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। Hanumangarh News
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि भागते समय दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरों में पैदल जाते हुए कैद हो गए, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में हिसार रेफर किया गया था।
शनिवार को उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई, जबकि मनीष का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, भादरा डीएसपी और थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फायरिंग के पीछे की वजह, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। Hanumangarh News