खेत विवाद में बुजुर्ग किसान से मारपीट, हायर सेंटर रेफर
नरमे की फसल पर मिट्टी डालने के विवाद के बाद खेत में पहुंचे पांच लोगों पर हमला करने का आरोप
हनुमानगढ़। पीलीबंगा क्षेत्र के चक 6 एलजीडब्ल्यू पटवार हल्का लोंगवाला में कृषि भूमि को लेकर हुए विवाद के बाद एक बुजुर्ग किसान के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल किसान को पहले पीलीबंगा सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर हनुमानगढ़ हायर सेंटर रेफर किया गया। मामले में पीलीबंगा थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार चक सदासिंहवाला निवासी गुरमेल सिंह (46) पुत्र सुखदेव सिंह जटसिख ने थाने में रिपोर्ट पेश कर बताया कि 21 मई की सुबह करीब 7.30 बजे उसके पिता सुखदेव सिंह अपने खेत तथा ठेके पर ली गई कृषि भूमि पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि नवजोत सिंह पुत्र बलदेव सिंह ने उनकी कृषि भूमि में मिट्टी डाल दी। शिकायत के अनुसार जिस भूमि में मिट्टी डाली गई वहां नरमे की बुवाई की हुई थी और फसल को नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह कार्य किया गया।
इसके बाद सुखदेव सिंह खेत में मिट्टी हटाकर फसल को ठीक कर रहे थे। उसी दौरान नवजोत सिंह पुत्र बलदेव सिंह, बलदेव सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह, लखविंद्र सिंह पुत्र जगजीत सिंह, गुरविंद्र सिंह पुत्र जगजीत सिंह तथा वीरेंद्र सिंह पुत्र जगजीत सिंह निवासी चक 7 एलजीडब्ल्यू एकराय होकर खेत में पहुंचे और मारपीट व गाली-गलौज की। परिजनों का आरोप है कि मारपीट में सुखदेव सिंह के बाएं हाथ और पसली में गंभीर चोटें आई हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि घायल सुखदेव सिंह की उम्र करीब 75 वर्ष है और वे हृदय रोगी हैं, जिससे उनकी स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। आरोपियों ने कस्सी से हमला किया था, जिससे बाएं बाजू और बाईं पसली पर चोट लगी। घायल को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन ले जाया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान की जिम्मेदारी एएसआई राजेन्द्र कुमार को सौंपी है। Hanumangarh News