शादी के नाम पर आभूषण और नकदी हड़पने का आरोप
पत्नी समेत चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। शादी के नाम पर ठगी कर आभूषण और नकदी हड़पने के आरोप में गोगामेड़ी थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार गांव नेठराना निवासी आजाद खान (32) पुत्र सिकंदर खान ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भादरा न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया।
परिवादी ने आरोप लगाया कि उसका निकाह 17 जुलाई 2025 को झुंझुनूं जिले के सुलताना निवासी नजमा बानो के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शिकायत में बताया गया कि निकाह के समय नजमा बानो को करीब तीन तोला सोने के आभूषण तथा चांदी के आभूषण दिए गए थे। आरोप है कि 20 फरवरी 2026 को नजमा बानो अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण, आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज और घर में रखी करीब 20 हजार रुपए की नकदी लेकर मायके चली गई। Hanumangarh News
इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। परिवादी का आरोप है कि 21 मार्च 2026 को उसने नजमा के भाई इमरान से संपर्क किया तो उसने कथित रूप से नजमा के वापस नहीं आने की बात कही। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नजमा, उसकी माता माफिया, भाई इमरान और पूर्व पति जाकिर ने मिलकर शादी के नाम पर लोगों से पैसे और आभूषण हड़पने का गिरोह बना रखा है।
साथ ही दहेज मांगने का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भादरा के आदेश पर गोगामेड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। Hanumangarh News