Punjab
Study Visa Fraud: सिंगापुर स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपए की ठगी
पोते को विदेश भेजने की चाहत का उठाया फायदा, जंक्शन थाने में सीकर निवासी पर एफआईआर
Study Visa Fraud: हनुमानगढ़। पोते को सिंगापुर में पढ़ाई के लिए स्टडी वीजा दिलाने का झांसा देकर 4 लाख रुपए हड़पने के आरोप में जंक्शन थाना पुलिस ने सीकर जिले के एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ के आदेश पर दर्ज इस मामले की जांच एएसआई कालूराम को सौंपी गई है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार परिवादी किरोड़ीमल पुत्र आशाराम माली निवासी वार्ड नम्बर 16, भट्ठा कॉलोनी, बसंत पैलेस के पास, जंक्शन ने न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया। परिवादी ने बताया कि वह अपने पोते गौरव सैनी को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजना चाहता था। इसी दौरान उसके रिश्तेदार लक्की सैनी निवासी चूरू ने उसे सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ निवासी नरेश कुमार सैनी से मिलवाया, जो स्वयं को विदेशों में स्टडी वीजा पर विद्यार्थियों को भेजने का कार्य करने वाला बताता था।
इस्तगासे के अनुसार 20 मई 2025 को नरेश कुमार हनुमानगढ़ आया और सिंगापुर का स्टडी वीजा दिलाने का भरोसा देते हुए कुल खर्च 4 लाख रुपए बताया। आरोप है कि किरोड़ीमल ने अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से 3 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से नरेश कुमार के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपी ने स्टूडेंट कॉन्ट्रैक्ट और ऑफर लेटर तैयार होने का दावा करते हुए एक लाख रुपए और मांगे, जो परिवादी के पुत्र कृष्ण कुमार के फोनपे खाते से लक्की सैनी के खाते में भेजे गए। Hanumangarh News
परिवादी का आरोप है कि यह राशि बाद में नरेश कुमार को दे दी गई। परिवादी के अनुसार कई महीनों तक आरोपी स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर टालमटोल करता रहा। 29 सितम्बर 2025 को पूछताछ करने पर आरोपी ने स्टाम्प पेपर पर एक शपथ पत्र लिखकर दिया कि यदि वह स्टडी वीजा नहीं दिला पाया तो चार लाख रुपए वापस लौटा देगा। आरोप है कि 15 अप्रैल 2026 को नरेश कुमार और लक्की सैनी परिवादी के घर आए।
इस दौरान जब स्टडी वीजा अथवा राशि लौटाने की बात हुई तो आरोपी ने पहले पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वहां से चला गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने न तो वीजा दिलाया और न ही चार लाख रुपए लौटाए। न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई कालूराम कर रहे हैं। Hanumangarh News