Punjab
अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो युवक घायल
भद्रकाली मंदिर से लौटते समय टाउन के पास हुआ हादसा
Rajasthan Accident News: हनुमानगढ़। अज्ञात कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। टाउन थाना पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर आठ, पुरानी आबादी, श्रीगंगानगर निवासी सोहनलाल पुत्र पन्नाराम नायक ने रिपोर्ट दी कि उसका भाई लिखमाराम (41) अपने साथियों रवि और रोकी के साथ 31 मई को मोटर साइकिल नम्बर आरजे 13 एनएस 7383 पर भद्रकाली मंदिर, अमरपुरा थेड़ी दर्शन करने गया था। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच तीनों दर्शन कर श्रीगंगानगर लौट रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार टाउन के पास पहुंचने पर एक अज्ञात कार ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने लिखमाराम, रवि और रोकी को जन सेवा अस्पताल, श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रात करीब 10.30 बजे लिखमाराम की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने सोहनलाल की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने राजकीय जिला चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में रखा मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच एएसआई उम्मेदराम को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।