73 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप

पेड़ काटने का वीडियो बनाने के बाद विवाद बढ़ा, सड़क पर घसीटकर हमला करने का आरोप

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। संगरिया थाना क्षेत्र के इन्द्रपुरा गांव में 73 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार इन्द्रपुरा ढाणी निवासी रामकुमार (73) पुत्र काशीराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 28 मई को गांव निवासी नेतराम उसके खेत में नहर किनारे खड़े हरे पेड़ को काट रहा था। Hanumangarh News

जब उसने इसका विरोध किया और वीडियो बनाने लगा तो आरोपी ने उसे देख लेने की धमकी दी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि उसी दिन सुबह करीब 10 बजे नेतराम, धापां देवी तथा अन्य लोग लाठी-डंडों के साथ उसके खेत के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर जब रामकुमार बाहर आया तो आरोपी उसकी ओर दौड़े, जिससे वह अपनी ढाणी में जाकर बच गया। जाते समय आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार अगले दिन 29 मई की सुबह करीब 7 से 7.30 बजे वह एक दुकान पर 90 हजार रुपए देने जा रहा था। इसी दौरान नेतराम, धापां देवी और अनिल ने उसे रास्ते में रोक लिया और कथित रूप से पुराने विवाद का हिसाब बराबर करने की बात कहते हुए मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की, बाल पकड़कर खींचा तथा सड़क पर घसीटा। घटना में उसके पैर, नाक और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। Hanumangarh News

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसके परिजनों को सूचना दी। पीड़ित के पुत्र सुभाष और पुत्रवधू सरोज मौके पर पहुंचे तथा उसे उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके पुत्र और पुत्रवधू को भी भविष्य में हस्तक्षेप करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

रामकुमार ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी आरोपियों की ओर से कई घटनाएं कारित की गई थीं, जिनकी शिकायतें पुलिस को दी गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। संगरिया थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई श्रवण कुमार को सौंपी है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts