घर से सोना, नकदी और दस्तावेज चोरी, सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध बाइक सवार

पासपोर्ट से लेकर बैंक दस्तावेज तक चोरी होने का दावा, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव मानकथेड़ी में घर से सोना, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो अज्ञात बाइक सवारों पर चोरी का आरोप लगाया है। पीलीबंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में गांव मानकथेड़ी निवासी अनिल कुमार पुत्र लालचंद सहारण ने पीलीबंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार 13 मई को दोपहर करीब 2.30 बजे से अपराह्न 3 बजे के बीच दो अज्ञात बाइक सवार व्यक्तियों ने उनके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। Hanumangarh News

परिवादी के अनुसार चोरी में करीब एक तोला सोने का ओम, चार हजार रुपए नकद तथा उनके और उनकी माता के कई जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए। चोरी हुए दस्तावेजों में भारतीय पासपोर्ट, जन आधार, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, बाइक दस्तावेज, आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक ऑफ इंडिया शाखा बड़ोपल की चेकबुक, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक की चेकबुक, भामाशाह कार्ड और राशन कार्ड शामिल बताए गए हैं। घटना के बाद परिवादी ने अपने स्तर पर जांच-पड़ताल की।

इस दौरान बस स्टैंड स्थित गोपी साईं की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोपहर करीब 2.10 बजे संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। इसके बाद एक सब्जी दुकान के कैमरे में करीब 2.18 बजे वही व्यक्ति वहां से गुजरते नजर आए। रिपोर्ट के अनुसार करीब 2.50 बजे परिवादी के घर के पास स्थित प्रेम स्वामी की दुकान के कैमरे में दोनों संदिग्ध उनके दस्तावेजों की फाइल लेकर जाते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति लाल रंग की लोअर, सफेद जूते पहने हुए तथा काले रंग का हेलमेट लगाए दिखाई दिया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक बलतेज सिंह को सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है। Hanumangarh News

एयरटेल टावर से रेन प्रोसेसर चोरी, मामला दर्ज

हनुमानगढ़। गांव धोलीपाल स्थित एयरटेल मोबाइल टावर से उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है। टावर से अज्ञात व्यक्ति रेन प्रोसेसर चोरी कर ले गए। मामले में एयरटेल कंपनी के स्टेट मैनेजर की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार भरत सिंह राजवी (30) पुत्र जसवंत सिंह राजवी निवासी वार्ड नम्बर एक, 15 केपीडी लुणखा, थाना छतरगढ़, जिला बीकानेर हाल स्टेट मैनेजर एआईजी एयरटेल भारती हेक्साकॉम ने सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

परिवादी ने बताया कि गांव धोलीपाल में एयरटेल का मोबाइल टावर स्थापित है, जिसकी साइट आईडी डीएलपीएल-01 है। आरोप है कि 19 अप्रैल की रात अज्ञात व्यक्ति टावर परिसर में घुसे और वहां लगा एक रेन प्रोसेसर चोरी कर ले गए। चोरी हुए उपकरण का सीरियल नम्बर सीएन39976790 बताया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी की ओर से जांच-पड़ताल की गई, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुखविंद्र सिंह को सौंपी है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और चोरी हुए उपकरण की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts