इंसानियत की जीती-जागती मिसाल, ये शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादार
भूख-प्यास से तड़पते, मानसिक संतुलन खो बैठे बेसहारा का सहारा बने संगरिया के सेवादार
संगरिया (सच कहूँ/सुरेन्द्र जग्गा)। सड़क किनारे धूल और गंदगी में लिपटी एक जिंदगी मौत से जंग लड़ रही थी। शरीर भूख-प्यास से टूट चुका था और मानसिक संतुलन खो जाने के कारण वह खुद को भी भूल चुका था। लेकिन कहते हैं न कि जहां इंसानियत जिंदा हो, वहां भगवान किसी न किसी रूप में मदद भेज ही देते हैं। Sangaria News
संगरिया-डबवाली रोड पर ऐसा ही एक दिल छू लेने वाला वाकया सामने आया, जिसने समाज में गिरते मानवीय मूल्यों के बीच एक नई उम्मीद जगाई है। देसु मलकाना गांव के प्रेमी भाई राजू प्रेम और भारत भूषण इन्सां डबवाली रोड से गुजर रहे थे। उन्हें वहां एक युवक बेहद दयनीय और लाचार हालत में मिला। उसकी सुध-बुध पूरी तरह खो चुकी थी।
पास जाने पर देखा तो मंजर बेहद दर्दनाक था—भूख और प्यास से तड़पते उस बेसहारा व्यक्ति के शरीर से असहनीय बदबू आ रही थी और वह गंदगी के बीच ही रहने को मजबूर था। सेवादारों ने पहले उसे चाय-पानी पिलाया और तुरंत अन्य साथियों को इसकी सूचना दी। नहला-धुलाकर संवारा रूप, लौट आई चेहरे की मुस्कानसूचना मिलते ही लाल चंद इन्सां, महेश गोयल इन्सां, लवली गर्ग इन्सां और गुरचरण खोसा इन्सां तुरंत मौके पर पहुंचे। Sangaria News
कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर की सार-संभाल
सेवादारों ने सबसे पहले स्थानीय पुलिस को सूचित किया ताकि कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो सकें। इसके बाद वे उस लाचार युवक को 'मानवता भलाई केंद्र' लेकर आए। वहां सेवादारों ने अपने हाथों से उसकी शेविंग की, बाल काटे और उसे नहला-धुलाकर साफ-सुथरे नए कपड़े पहनाए। जो व्यक्ति कुछ घंटों पहले तक समाज की नजरों में एक बेसहारा 'पागल' मात्र था, अपनों जैसी निस्वार्थ सेवा और स्नेह पाकर उसकी आंखों में चमक लौट आई। इस मरहम रूपी देखभाल का ऐसा असर हुआ कि उसकी मानसिक स्थिति में चमत्कारी सुधार दिखने लगा। हालत में सुधार आने पर युवक ने डबडबाई आंखों से अपना नाम थमरपाल और घर उत्तर प्रदेश बताया। Sangaria News
सेवादारों ने अब थमरपाल के परिजनों की खोज शुरू कर दी है ताकि उसे दोबारा उसके आशियाने तक पहुंचाया जा सके। इस पुनीत कार्य में लालचंद इन्सां, महेश गोयल इन्सां, गुरचरण खोसा इन्सां, लवली गर्ग इन्सां, सोनू गोयल इन्सां, अमराराम इन्सां, सुखदेव इन्सां और सुरेंद्र जग्गा इन्सां ने अपना सहयोग दिया। वहीं सेवादारों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस युवक (थमरपाल, उत्तर प्रदेश) या इसके परिवार के बारे में कोई भी छोटी या बड़ी जानकारी हो, तो इन नंबरों पर संपर्क करें- 94137-14295,94135-14414 , 80056-30276