फतेहाबाद शहर के नागरिक अस्पताल के पास मेडिकल स्टोर में लगी आग, साध-संगत बनी मसीहा
लाखों रुपये का सामान और दवाइयां जलकर राख
फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। शहर के नागरिक अस्पताल के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान और दवाइयां जलकर राख हो गईं। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। Fatehabad News
हालांकि तब तक मेडिकल स्टोर में रखा काफी सामान आग की चपेट में आ चुका था। वहीं आग लगने से बिल्डिंग के बेसमेंट में फंसे एक बुजुर्ग और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जैसे ही आग लगने की सूचना साध-संगत को मिली तो बड़ी संख्या में डेरा सच्चा सौदा के सेवादार मौके पर पहुंच गए। सेवादारों ने बिना देरी किए मेडिकल स्टोर में रखा सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया और राहत कार्य में जुट गए। इस दौरान उन्होंने दमकल विभाग का भी पूरा सहयोग किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सेवादारों की तत्परता के चलते काफी सामान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। आसपास के लोगों ने भी साध-संगत द्वारा किए गए सेवा कार्य की सराहना की। प्रारंभिक तौर पर आग पास में जारी वेल्डिंग के काम से उठी चिंगारी से लगी बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। Fatehabad News