CBI Raids: 119 करोड़ के बैंक घोटाले को लेकर सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, मुंबई-अहमदाबाद में की छापेमारी
बैंकिंग जगत में मचा हड़कंप
₹119 Crore Bank Scam: नई दिल्ली/मुंबई। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को करोड़ों रुपये की चपत लगाने वाले दो बड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में केंद्रीय जांच ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुंबई और अहमदाबाद में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद बैंकिंग जगत में हड़कंप मच गया है। सीबीआई ने 21 मई को दोनों मामलों में कुल सात स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। CBI Raids
जांच एजेंसी की कार्रवाई उन कंपनियों और उनके निदेशकों तक पहुंची, जिन पर सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और बैंकों को गुमराह कर भारी रकम हड़पने के आरोप हैं। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड एजेंसी के हाथ लगे हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है। पहले मामले में श्री हरि एक्सट्रूजन प्राइवेट लिमिटेड पर करीब 61.98 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप है। जांच में सामने आया कि कंपनी ने बैंक से ऋण सुविधाएं लेने के बाद धन के उपयोग में गंभीर गड़बड़ियां कीं।
आरोप है कि राशि को निर्धारित उद्देश्य से हटाकर अन्य माध्यमों में इस्तेमाल किया गया और बैंकिंग नियमों की अनदेखी की गई। दूसरे मामले में मेसर्स जय फॉर्मूलेशंस लिमिटेड पर 57.05 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, कंपनी ने कथित तौर पर गलत वित्तीय दस्तावेजों और भ्रामक रिकॉर्ड के आधार पर बैंक से ऋण लिया और बाद में उस राशि का दुरुपयोग किया। सीबीआई का कहना है कि दोनों मामलों में कंपनियों के निदेशकों और अन्य संबंधित लोगों ने बैंकिंग प्रणाली को गुमराह कर सार्वजनिक धन को नुकसान पहुंचाया।
मुंबई और अहमदाबाद में हुई तलाशी के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों की जांच जारी है और आने वाले दिनों में पूछताछ का दायरा बढ़ सकता है। अधिकारियों के अनुसार, बैंक धोखाधड़ी और वित्तीय अपराधों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत यह एक महत्वपूर्ण कदम है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि दस्तावेजों की पड़ताल से मामले में और भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी। CBI Raids