भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए चलाया परिंडा अभियान
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र सदस्यों ने लगाए परिंडे, की पानी-दाने की व्यवस्था
'Parinda' Campaign: हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों और जीव-जंतुओं के लिए पानी की व्यवस्था करने के उद्देश्य से जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित पार्क में महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की सदस्यों की ओर से परिंडा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पार्क और आसपास के पेड़ों पर परिंडे लगाए गए तथा उनमें पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था की गई। Hanumangarh News
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने पार्क में लगाए गए परिंडों में पानी भरकर पक्षियों के लिए दाने डाले और लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं जीव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के साथ-साथ जीव सेवा भी उतनी ही जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर छोटा प्रयास करे तो हजारों पक्षियों और जीव-जंतुओं को जीवनदान मिल सकता है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व पार्षद मंजू रणवां ने कहा कि वीरा केन्द्र की टीम ने भीषण गर्मी के इस दौर में पक्षियों और जीव-जंतुओं के लिए पानी की व्यवस्था कर बहुत बड़ा पुण्य का कार्य किया है। गर्मी के मौसम में पानी नहीं मिलने के कारण सैकड़ों पक्षी अपने प्राण गंवा देते हैं, लेकिन संस्था की सदस्यों की ओर से जिस समर्पण और सेवा भाव से यह अभियान चलाया जा रहा है, वह प्रेरणादायक है। Hanumangarh News
मंजू रणवां ने कहा कि संस्था अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने केवल वार्ड ही नहीं बल्कि पूरे जिले में पक्षियों के प्रति जागरूकता की अलख जगाने का कार्य किया है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, गली, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि भीषण गर्मी में बेजुबान जीवों को राहत मिल सके। साथ ही गायों और अन्य पशुओं के लिए भी पानी की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्य करना ही नहीं बल्कि आमजन में संवेदनशीलता और सेवा भावना को जागृत करना भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी संस्था की ओर से परिंडा अभियान लगातार जारी रखा जाएगा ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को राहत मिल सके। इस मौके पर पायल चाबड़ा, ऋतिका, कोमल, अविशी, प्रेक्षा, मंजू दत्ता, डॉ. अनीता शर्मा, कुलवीर मान, गुरपाल मान, दीक्षा, सरोज शर्मा, सुषमा गुप्ता, संतोष कामरा और पूनम शर्मा मौजूद रहीं। Hanumangarh News