खाद को लेकर विवाद में किसान पर ईंट से हमला
सिर में लगी चोट, सदर थाने में मामला दर्ज
हनुमानगढ़। गोबर खाद को लेकर हुए विवाद में एक किसान पर ईंट से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल किसान की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मलकोकां निवासी 60 वर्षीय अजमेर सिंह पुत्र नाजर सिंह मजहबी ने रिपोर्ट दी कि उसका और उसके रिश्तेदार प्रीतम सिंह उर्फ पतलू पुत्र नाजर सिंह का वार्ड नम्बर 2 में पैतृक नोहरा है, जिसमें दोनों अपने-अपने कब्जे के अनुसार उपयोग करते हैं। Hanumangarh News
परिवादी ने बताया कि वह अपने हिस्से में पशुओं का गोबर और कूड़ा-कचरा डालता है। आरोप है कि प्रीतम सिंह उसकी खाद में अपना गोबर और कूड़ा डालने लगा। मना करने के बावजूद वह ऐसा करता रहा। रिपोर्ट के अनुसार 27 मई को सुबह करीब 11 बजे अजमेर सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली में गोबर खाद भरवाकर खेत ले गया था। जब वह दूसरी ट्रॉली भरवाने वापस आया तो आरोपी प्रीतम सिंह उर्फ पतलू वहां पहले से मौजूद था और लोडर चालक से कहा कि यह खाद तो उसकी है।
परिवादी का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने दीवार से पक्की ईंट उखाड़ ली और लोडर चालक की तरफ मारने के लिए दौड़ा। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने ईंट से उसके सिर के दाहिने हिस्से पर वार कर दिया। हमले में उसके सिर से खून बहने लगा और कपड़े खून से लथपथ हो गए। शोर सुनकर पड़ोसी सरजीत राम सुथार, लोडर चालक पवन यादव और बूटा सिंह मिस्त्री मौके पर पहुंचे। लोगों के ललकारने पर आरोपी वहां से भाग गया। जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट और प्राथमिक जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई शैतानाराम को सौंपी है। Hanumangarh News