स्कूलों में फिलहाल नहीं होगी छुट्टी, स्कूल और दफ्तरों के समय में हुआ बदलाव

भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया ऐलान स्कूल और दफ्तर खुलेंगे सुबह 7:30 बजे

Sarvesh Kumar Picture
Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigar News: पंजाब में बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को राहत देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को पंजाब सरकार के सभी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों का समय बदलने का ऐलान किया है। नए समय के अनुसार कामकाज का समय वर्तमान में सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे की बजाय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगा। इस फैसले का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि बदला हुआ समय 25 मई से लागू होगा और अगले आदेश तक जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह फैसला आम लोगों की सुविधा के लिए लिया गया है ताकि वे पूरे पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान सरकारी दफ्तरों में आसानी से अपने काम करवा सकें। हर किसी की भलाई सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सलाह-मशवरे के बाद यह फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि बदले हुए समय से लोग अपने काम से छुट्टी लिए बिना सुबह-सवेरे अपने सरकारी काम पूरे कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस कदम से कर्मचारियों को भी बड़ा लाभ होगा, क्योंकि वे दिन के तापमान बढ़ने से पहले अपनी ड्यूटी खत्म कर सकेंगे।

Bhagwant-Mann-1

अब कर्मचारियों को अपने बच्चों के साथ बिताने के लिए मिलेगा अधिक समय: मान 

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अब कर्मचारियों को अपने बच्चों के साथ बिताने के लिए अधिक समय मिलेगा, क्योंकि स्कूलों और कॉलेजों के बदले हुए समय के कारण वे लगभग उसी समय घर लौटेंगे। उन्होंने कहा कि यह फैसला पंजाब सरकार की लोक-हितैषी नीति और नागरिकों के रोजाना जीवन को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मान ने बताया कि यह नया समय पूरे प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों और पंजाब सरकार के सभी दफ्तरों पर लागू होगा।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब स्टेट पावर कॉपोर्रेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के आंकड़ों के अनुसार बिजली का पीक लोड दोपहर 1:00 बजे के बाद शुरू होता है, इसलिए दफ्तरों का नया समय बिजली की खपत को घटाने और बिजली के बुनियादी ढांचे पर दबाव कम करने में भी मदद करेगा। समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जोर देकर कहा कि जनता की सुविधाओं की सुरक्षा और लोगों की भलाई सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Chandigar News

About The Author

Related Posts