रक्षा मंत्रालय में एलडीसी पद पर भर्ती का झांसा देकर 6 लाख रुपए की ठगी

भादरा थाने में चार जनों के खिलाफ एफआईआर

Published On

हनुमानगढ़। रक्षा मंत्रालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में भादरा थाना पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, भादरा के आदेश पर की गई। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 4, भादरा निवासी महेन्द्र कुमार (44) पुत्र जीतराम सैनी ने अदालत में इस्तगासा पेश कर बताया कि उसका पुत्र कर्नल 12वीं उत्तीर्ण है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। Hanumangarh News

परिवादी का आरोप है कि मेघाना निवासी मनोहरसिंह पुत्र छाजूराम राजपूत, जिससे उसके पारिवारिक और विश्वासपूर्ण संबंध थे, ने जनवरी 2025 में उसके पुत्र को रक्षा मंत्रालय में एलडीसी पद पर सीधे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। परिवाद के अनुसार मनोहरसिंह ने अपने रिश्तेदार शक्तिसिंह निवासी सतनाली जिला महेन्द्रगढ़, हरियाणा तथा स्वयं को रक्षा मंत्रालय से जुड़ा बताने वाले सुरेन्द्रसिंह राजपूत निवासी दिल्ली से मुलाकात करवाई।

आरोप है कि दोनों ने युवक के शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड, फोटो और अन्य कागजात लेकर भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया तथा कुल 6 लाख रुपए की मांग की। परिवादी ने आरोप लगाया कि जनवरी 2025 के अंतिम सप्ताह में 3 लाख रुपए तथा 31 मई 2025 को मनोहरसिंह और उसकी पत्नी माया देवी को 3 लाख रुपए नकद दिए गए। आरोपितों ने सितम्बर 2025 तक नौकरी लगने का भरोसा दिया, लेकिन निर्धारित समय तक न तो नियुक्ति हुई और न ही कोई विभागीय पत्र प्राप्त हुआ।

महेन्द्र कुमार का आरोप है कि बाद में उसने कई बार आरोपितों से संपर्क कर रुपए वापस मांगे, लेकिन वे टालमटोल करते रहे। मार्च 2026 में हुई एक पंचायत के दौरान आरोपितों ने कथित रूप से रुपए लौटाने से साफ इनकार कर दिया। परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने अन्य लोगों से भी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लिए हैं। अदालत से प्राप्त आदेश के आधार पर भादरा थाना पुलिस ने मनोहरसिंह, माया देवी, शक्तिसिंह और सुरेन्द्रसिंह के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई दुनीराम को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts