अंधड़-बारिश से दिन में ही छाया अंधकार, कई स्थानों पर पेड़ गिरे और बिजली आपूर्ति ठप
धूलभरी आंधी से जनजीवन प्रभावित, अगले 4-5 दिन भी आंधी-बारिश के आसार
Rajasthan Weather Update: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जिले में शनिवार को अचानक मौसम ने करवट ली और तेज अंधड़ व बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई। दोपहर के समय धूलभरी आंधी और तेज हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई स्थानों पर टीन-छप्पर, होर्डिंग्स और पेड़ों को नुकसान पहुंचा, जबकि बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। Hanumangarh News
दोपहर करीब 12 बजे अचानक आसमान में रेत का बवंडर उठने से दिन में ही अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज धूलभरी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों और दुकानों में धूल भर गई तथा सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई। कुछ देर बाद ठंडी हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई।
अंधड़ के दौरान टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर में अस्थि रोग विभाग एवं फिजियोथैरेपी सेंटर के बाहर खड़े एक बड़े पेड़ की शाखा टूटकर जमीन पर गिर गई। सौभाग्य से उस समय वहां कोई मरीज या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जिस स्थान पर शाखा गिरी, उसके पास एक कार भी खड़ी थी, लेकिन उसे भी नुकसान नहीं पहुंचा। मौसम में आए बदलाव से जहां लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली, वहीं बारिश ने खेतों में गर्मी से प्रभावित हो रही फसलों को भी संजीवनी प्रदान की है। Hanumangarh News
अंधड़ के कारण जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे विभाग की ओर से घंटों की मशक्कत के बाद बहाल किया गया। मौसम विज्ञान केन्द्र, जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन, आंधी और बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 58 मिमी बारिश धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी तथा कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और वज्रपात भी हो सकता है। विभाग के अनुसार आगामी 4 से 5 दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में दोपहर बाद आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इसके प्रभाव से अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने और हीटवेव से राहत बने रहने की संभावना है। Hanumangarh News

About The Author