ढाई लाख रुपए नकद व आधा किलो चांदी ले गए चोर

मैनावाली गांव के मंदिर को बनाया निशाना, पहले भी हो चुकी हैं चोरी की वारदातें

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के मैनावाली गांव स्थित हनुमान मंदिर से दानपात्र चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर कमेटी अध्यक्ष की शिकायत पर टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मैनावाली गांव निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र हरिराम बिश्नोई, जो हनुमान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हैं, ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 28 मई की अल सुबह करीब 5 बजे वह प्रतिदिन की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार के पास रखा लोहे का दानपात्र गायब था।

रिपोर्ट में बताया गया है कि दानपात्र में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई करीब आधा किलो चांदी तथा लगभग ढाई लाख रुपए नकद रखे हुए थे। अज्ञात चोर दानपात्र सहित पूरी सामग्री चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने पर ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आसपास तलाश और पूछताछ की, लेकिन चोरी गए सामान और आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि मैनावाली गांव के तीन मंदिरों में पूर्व में भी तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों को लेकर लखूवाली पुलिस चौकी में लिखित शिकायतें भी दी गई थीं, लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले का अनुसंधान एएसआई जसवंत सिंह को सौंपा गया है। पुलिस चोरी गए दानपात्र, नकदी और चांदी की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।

पुराने मकान का ताला तोड़कर लाखों का सामान चोरी

हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में एक बंद पड़े मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर पानी की मोटर, तांबे-कांसे के बर्तन, गीजर, टोंटियां, बिजली की तारें, पंखे तथा अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। मामले में टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार न्यू मार्केट, वार्ड नम्बर 43, टाउन निवासी 49 वर्षीय संदीप गोयल पुत्र मदनलाल गोयल ने थाने में रिपोर्ट दी कि उनका एक पुराना मकान पुराने पोस्ट ऑफिस के पास स्थित है। 28 मई की रात को अज्ञात व्यक्ति मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखा सामान चोरी कर ले गए। परिवादी ने बताया कि उसे 29 मई की सुबह करीब 7 बजे मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर पानी की मोटर, तांबे और कांसे के बर्तन, गीजर, टोंटियां, बिस्तर, घर की बिजली की तारें, पंखे सहित अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया चोरी का मामला मानते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई राजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है Hanumangarh News

About The Author