Fraud Alert: फर्जी दस्तखत कर भाई ने हड़पा पैतृक संपत्ति का हिस्सा

नामांतरण में कथित जालसाजी कर अधिक भूमि अपने नाम चढ़वाने का आरोप

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। पैतृक संपत्ति के नामांतरण में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ब्यावर निवासी एक व्यक्ति ने अपने भाई और अन्य लोगों पर फर्जी दस्तावेज व नकली हस्ताक्षरों के आधार पर उसके हिस्से की संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार हनुमानगढ़ निवासी तथा वर्तमान में ब्यावर के फ्रेंड्स कॉलोनी, गायत्रीनगर में रहने वाले अनिल चौधरी पुत्र अभिमन्यु चौधरी ने रिपोर्ट दी कि वार्ड नम्बर 22, टाउन में उसके दादा नंदराम एवं पिता के नाम से प्लॉट स्थित हैं। पारिवारिक बंटवारे के अनुसार उक्त संपत्ति में उसका भी हिस्सा था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसने अपने हिस्से का इकरारनामा अपने चचेरे भाई अजय चौधरी के पक्ष में कर रखा था। कुछ समय पहले जब अजय चौधरी नामांतरण की प्रक्रिया के लिए नगर परिषद पहुंचे तो पता चला कि अनिल चौधरी के भाई राजीव चौधरी ने पहले ही नामांतरण अपने नाम करवा लिया है। नामांतरण की फाइल की जांच करने पर कथित रूप से सामने आया कि प्रस्तुत शरीयतनामा पर अनिल चौधरी के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। Hanumangarh News

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त दस्तावेज को 18 फरवरी 2026 को नोटरी करवाया गया, जबकि उस दिन वह हनुमानगढ़ में मौजूद नहीं था और ब्यावर में था। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि नामांतरण आवेदन में राजीव चौधरी ने अपने मोबाइल नम्बर देने के बजाय अन्य व्यक्ति मोतीलाल का मोबाइल नम्बर दर्ज कराया। शिकायतकर्ता का कहना है कि राजीव चौधरी ने कथित रूप से मोतीलाल की मिलीभगत से अपने हिस्से से अधिक भूमि का नामांतरण करवाकर बाद में संपत्ति का हिस्सा मोतीलाल को बेच भी दिया।

अनिल चौधरी ने आरोप लगाया कि विरोध जताने पर आरोपियों ने कथित रूप से ठगी करने की बात स्वीकार करते हुए उसे जो करना हो करने की चुनौती दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई उम्मेदराम को सौंपी गई है। पुलिस दस्तावेजों की सत्यता, हस्ताक्षरों की जांच तथा नामांतरण प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की पड़ताल कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts