गोरखपुर माइनर में लीकेज से खेत बने तालाब

मूंग और सब्जियों की फसल बर्बाद, किसानों ने खुद रोका पानी

Sarvesh Kumar Picture
Published On

भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। Bhuna News: भूना क्षेत्र में फतेहाबाद ब्रांच नहर से निकलने वाले गोरखपुर माइनर में लीकेज होने से आसपास के खेत जलमग्न हो गए। वीरवार सुबह करीब पांच बजे पानी का बहाव तेज होने के बाद खेतों में पानी भरना शुरू हो गया, जिससे मूंग, सब्जियों और धान की पनीरी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। किसानों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

किसान मोनू रेवड़ी, गर्व सिंह, जीत सिंह, रामफल, चांदीराम और कश्मीर सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों से रजवाहे में पानी छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान धीरे-धीरे पानी का रिसाव शुरू हो गया था। किसानों का कहना है कि उन्होंने तीन दिन पहले ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। वीरवार सुबह अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और देखते ही देखते कई खेतों में पानी भर गया। आसपास की ढाणियों में भी जलभराव का खतरा पैदा हो गया।

किसानों ने अपने स्तर पर पानी रोकने का प्रयास शुरू किया और लगातार अधिकारियों को सूचित करते रहे, लेकिन करीब तीन घंटे तक विभाग की ओर से कोई जेसीबी मशीन मौके पर नहीं पहुंची। किसानों के अनुसार जलभराव से कई एकड़ में खड़ी फसल खराब हो गई, जबकि खेतों में लगे तीन बोर भी पानी में डूब गए। करीब 10 एकड़ में तैयार धान की पनीरी को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद पानी का बहाव रोका। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


Canal

About The Author

Related Posts