कर्मचारियों के कामकाज पर अब डिजिटल सिस्टम रखेगा नजर
हरियाणा में डिजिटल परफॉर्मेंस मॉनिटरिंग सिस्टम होगा लागू
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Haryana Digital System: हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज की निगरानी डिजिटल माध्यम से होगी। इसके लिए संशोधित एसीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) फ्रेमवर्क और डिजिटल परफॉर्मेंस मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों और जिला प्रशासन को निर्देश जारी किए हैं। पारंपरिक एसीआर व्यवस्था को धीरे-धीरे डिजिटल रूप दिया जाएगा। नए प्रारूप में कर्मचारियों के कार्य, उपलब्धियां और प्रदर्शन को परिणाम-आधारित तरीके से दर्ज किया जाएगा, ताकि मूल्यांकन अधिक वस्तुनिष्ठ हो सके।
सरकार ने उन अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची मांगी है जिनकी एसीआर सबसे अधिक लंबित है।
उद्देश्य है कि पेंडेंसी खत्म कर समयबद्ध मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए। अप्रैल 2027 से मैनुअल एसीआर प्रणाली पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी और सभी मूल्यांकन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होंगे। एनआईसी अथवा तकनीकी टीम एक आॅनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार करेगी, जो एचआरएमएस पोर्टल से जुड़ा रहेगा और कर्मचारियों के कार्य का वास्तविक समय में आकलन करेगा।
बोर्ड पर रैंकिंग होगी सार्वजनिक
मुख्य सचिव की वेबसाइट पर एक विशेष ‘आॅनर बोर्ड’ विकसित किया जाएगा, जिसमें कर्मचारियों की प्रदर्शन-आधारित रैंकिंग प्रदर्शित होगी। यह व्यवस्था राज्य, जिला और खंड स्तर तक लागू होगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और कमजोर प्रदर्शन वाले दोनों कर्मचारियों की रैंकिंग सार्वजनिक होगी। सरकार का मानना है कि नई प्रणाली से प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही में सुधार होगा तथा कर्मचारियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा मिलेगा।