Punjab
फर्जी पार्सल गिरोह का पर्दाफाश! पिहोवा में पानी की बोतल भेजकर लोगों से वसूले जा रहे थे पैसे, डिलीवरी बॉय पुलिस के हवाले
पानी की बोतल वाला पार्सल बना ठगी का जरिया, पुलिस ने शुरू की जांच
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: शहर में इन दिनों फर्जी कोरियर और ऑनलाइन ठगी के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला पिहोवा की अनाज मंडी से सामने आया है, जहां पानी की बोतल वाला फर्जी पार्सल भेजकर लोगों से पैसे वसूले जाने का मामला उजागर हुआ है।
मॉडल टाउन निवासी सलिंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 मई को उनके बड़े भाई की अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर 91 पर एक डिलीवरी बॉय पहुंचा और सलिंद्र सिंह के नाम का पार्सल होने की बात कही। उस समय सलिंद्र सिंह मौके पर मौजूद नहीं थे। दुकान पर मौजूद उनके दोस्त और मुनीम ने यह सोचकर कि शायद विदेश में रहने वाले उनके बेटों ने कोई सामान भेजा होगा, 567 रुपये ऑनलाइन भुगतान कर पार्सल ले लिया।जब पार्सल को खोलकर देखा गया तो उसमें केवल एक बड़ी और एक छोटी पानी की बोतल निकली। इसके बाद जब सलिंद्र सिंह ने अपने बेटों से संपर्क किया तो उन्होंने साफ मना कर दिया कि उन्होंने ऐसा कोई सामान नहीं भेजा। तब जाकर परिवार को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
कुछ दिनों बाद सलिंद्र सिंह के दोस्त अरुण कुमार मेहता की पत्नी ज्योति मेहता, जो पेशे से अध्यापिका हैं, के मोबाइल पर भी इसी तरह का मैसेज आया कि उनका एक पार्सल आने वाला है और 20 मई को डिलीवरी दी जाएगी। 21 मई को डिलीवरी बॉय का फोन भी आया। जब अरुण कुमार ने अपनी पत्नी से पूछा तो उन्होंने किसी भी प्रकार का पार्सल मंगवाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद अरुण कुमार ने यह बात अपने दोस्त सलिंद्र सिंह को बताई। सलिंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास भी इसी प्रकार का मैसेज आया था और उनके साथ ठगी हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने डिलीवरी बॉय को अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर 91 पर बुलाया। जैसे ही डिलीवरी बॉय वहां पहुंचा तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और पिहोवा शहरी थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के सामने जब पार्सल खोला गया तो उसमें भी पानी की बोतल ही निकली। पूछताछ में डिलीवरी बॉय ने अपना नाम विकास बताया और कहा कि वह केवल कंपनी में डिलीवरी का काम करता है। उसे यह जानकारी नहीं कि पार्सल कहां से आता है, उसका काम सिर्फ दिए गए पते पर पार्सल पहुंचाना है। सलिंद्र सिंह और अरुण कुमार मेहता ने पिहोवा शहरी थाना में शिकायत दी है जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस फर्जी पार्सल और ठगी के पीछे कौन सा गिरोह काम कर रहा है। और वही पुलिस का कहना है कि जानकर बने सतर्क रहें l और इस तरह के फर्जी लोगों से सतर्क रहे और ना ही कोई भी किसी तरह के अनजान व्यक्ति को ओटीपी शेयर करें बिना पूरी जानकारी के किसी भी पार्सल की पेमेंट न करें और पहले यह सुनिश्चित करें कि संबंधित सामान वास्तव में मंगवाया गया है या नहीं।
