इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारियों के फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, डेटा लीक कर निवेश का झांसा देकर ठगी करते थे, तीन गिरफ्तार
डेटा लीक कर लोगों को बनाते थे शिकार, फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी और गवर्नमेंट बॉन्ड में निवेश का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पदार्फाश किया है। साइबर थाना मानेसर पुलिस ने गाजियाबाद में कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 21 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वन सर्वर कैपिटल एडवाइस एलएलपी का प्रतिनिधि बनकर कुछ लोगों ने उसे इंश्योरेंस पॉलिसी बॉन्ड खरीदने का लालच दिया और करीब 26 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना मानेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और डेटा विश्लेषण के बाद पुलिस टीम ने 25 मई को गाजियाबाद में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान उदित चोपड़ा, जितेश कुमार श्रीवास्तव और हिमांशु प्रेमी उर्फ सरदार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि हिमांशु और जितेश पहले एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करते थे। वहीं से उन्होंने लोगों का डेटा हासिल किया और अवैध कॉल सेंटर शुरू कर दिया। आरोपी खुद को वित्तीय सलाहकार बताकर लोगों को कॉल करते थे और इंश्योरेंस पॉलिसी व गवर्नमेंट बॉन्ड में निवेश का झांसा देकर ठगी करते थे। कॉल करने का काम उदित चोपड़ा संभालता था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर एटीएम और चेक के माध्यम से निकाली जाती थी। मामले में पहले भी चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने दो आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस की गिरफ्त में फर्जी कॉल सेंटर से ठगी के आरोपी।