खांडा गांव के ग्रामीण ओवरलोड रेत से भरे डंपरों से परेशान
ओवरलोड वाहनों से बढ़ा हादसों का खतरा, कार्रवाई की मांग
खरखाैदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: गांव खांडा में रेत से भरे ओवरलोड डंपर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इन डंपरों से सड़क पर लगातार रेत और मिट्टी गिरती रहती है, जो बाद में धूल-मिट्टी में बदल जाती है। इससे पूरे दिन गांव की सड़कों पर धूल उड़ती रहती है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह डंपर सेहरी गांव से खेड़ी गांव स्थित ईंट भट्टों तक मिट्टी और रेत ढुलाई का कार्य कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश ट्रकों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी हुई है और न ही रेत व मिट्टी को तिरपाल से ढका जाता है।
इसके अलावा तय क्षमता से अधिक मिट्टी और रेत भरकर वाहन सड़कों पर दौड़ाए जा रहे हैं।गांववासियों ने बताया कि लगातार उड़ती धूल के कारण राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क पर गिरने वाली मिट्टी से दुर्घटना होने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की जाए और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
