India Weather Update: दुनियाभर में तीसरा सबसे गर्म देश भारत!
हरियाणा सहित कई राज्यों में भीषण लू की चेतावनी
नई दिल्ली/चंडीगढ़/हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। India Weather Update: मई के दूसरे पखवाड़े से गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। अभी भीषण गर्मी से राहत के भी कोई संकेत नहीं है। विश्व मौसम संगठन के आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान में भारत विश्व का तीसरा सबसे गर्म देश बना हुआ है। पिछले 24 घंटों ने दुनिया में मिस्र का आसवन में 49.4, सऊदी अरब के अराफात में 48.4 तो भारत के बांदा में 48.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पंजाब के फरीदकोट में 45.9 तो हरियाणा के सरसा में 45.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
इसके अलावा हरियाणा के भिवानी की रात देशभर में सबसे ज्यादा तपी। यहाँ का न्यूनतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. उमाशंकर दास के मुताबिक मुताबिक आगामी एक सप्ताह तक हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश व मध्य भारत व विदर्भ के इलाकों में भीषण गर्मी के कारण हीट से सीवियर हीट वेव की स्थिति बन सकती है। यदि यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में लू व हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ सकते हैं। वीरवार को देश की राजधानी दिल्ली में हीट स्ट्रोक के दो मामले सामने आ चुके हैं।
ऑरेंज से रेड अलर्ट घोषित
भारत मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली व उत्तर प्रदेश के लिए 22 से 26 मई तक आॅरेंज से लेकर रेड अलर्ट घोषित किया है। वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण उत्तरप्रदेश के हालात सबसे नाजुक बनी हुई है। यहाँ के 59 जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में बच्चों की बिगड़ी सेहत
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में भीषण गर्मी के बीच कस्तूरबा गांधी स्कूल की 8 छात्राएं बेहोश हो गर्इं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। वहीं हरियाणा, पंजाब, दिल्ली व चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने बताया कि हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के साथ सटे उत्तराखंड और विदर्भ के कई हिस्सों में हीट वेव
से सीवियर हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ स्थानों पर भी यही हालात देखे गए। पंजाब के कई हिस्सों में भीषण लू, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में लू की परिस्थिति और छत्तीसगढ़, ओडिशा व पश्चिम मध्यप्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय स्तर पर गर्मी की तीव्रता बनी रहने का अनुमान है।
About The Author