Dabwali Police: डबवाली पुलिस की नई पहल! अब थानों तक पहुंचेंगे विद्यार्थी! जानिए कैसे?

पुलिस पढ़ाएगी कानून का पाठ, विद्यार्थियों को साइबर क्राइम, नशे और महिला सुरक्षा के प्रति करेंगे जागरूक

Manmohan Picture
Published On
डबवाली (सच कहूँ/सुभाष)। विद्यार्थियों को कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डबवाली पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस आपकी मित्र अभियान के तहत विद्यार्थियों को सीधे थाना परिसर में बुलाकर पुलिस कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और जनहित सेवाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि युवाओं और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके। इसी कड़ी में महिला थाना डबवाली और थाना कालांवाली में शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस ने स्वयं विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को थाना परिसर का भ्रमण करवाया गया तथा पुलिस की कार्यशैली, जांच प्रणाली और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। Dabwali Police 
 
साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्परिणाम, सड़क सुरक्षा तथा महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। थाना परिसर में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए एसपी जसलीन कौर ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास व सहयोग ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है। 
 
उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने और कानून का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी पुलिस अधीक्षक से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हरियाणा पुलिस की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि आपात स्थिति में 112, महिलाओं के लिए 1091, बच्चों के लिए 1098 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है।
 
पुलिस आपकी मित्र अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था से जोड़ना तथा उनमें कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आज के समय में साइबर अपराध, नशा और सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर युवाओं को जागरूक करना बेहद जरूरी है। यदि विद्यार्थी शुरू से ही कानून और अपनी जिम्मेदारियों को समझेंगे तो वे बेहतर नागरिक बन सकेंगे। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और सहयोग मजबूत होगा तो समाज भी सुरक्षित बनेगा। डबवाली पुलिस भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी। Dabwali Police
— जसलीन कौर, पुलिस अधीक्षक, डबवाली।

About The Author

Related Posts