अब महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और उपचार का पूरा रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन

स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार योजना के तहत नागरिक अस्पताल में शुरू होंगी विशेष सुविधाएं

Published On

सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। Sirsa News: महिलाओं को बेहतर, व्यवस्थित और एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है। राज्य सरकार की स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार योजना के तहत अब नागरिक अस्पताल में आने वाली महिलाओं का स्वास्थ्य संबंधी पूरा रिकार्ड ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और 29 मई से योजना का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। योजना के तहत नौ वर्ष से 60 वर्ष तक की महिलाओं का स्वास्थ्य डाटा एसएनएसपी पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इससे महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सुरक्षित रहेगी और भविष्य में उपचार व निगरानी में आसानी होगी। 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नागरिक अस्पताल सहित प्रदेश के सात अस्पतालों में इस योजना की शुरूआत की जा रही है, जिसका शुभारंभ शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा द्वारा किया जाएगा। नागरिक अस्पताल स्थित पीपीसी कक्ष को महिलाओं की विशेष ओपीडी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस कक्ष को गुलाबी रंग की थीम में तैयार किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को सहज और अनुकूल वातावरण मिल सके। यहां महिलाओं को काउंसलिंग, स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएगी। 

महिलाओं के स्वास्थ्य स्तर में आएगा सुधार: डॉ. राजेश चौधरी 

उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एसएनएसपी पोर्टल शुरू किया गया है। इसके माध्यम से अस्पताल में आने वाली महिलाओं की जांच, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारियां आॅनलाइन दर्ज की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पीपीसी कक्ष में रोस्टर प्रणाली के तहत प्रतिदिन दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि महिलाओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

विभाग का उद्देश्य महिलाओं को अलग, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस योजना के लागू होने से महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य निगरानी संभव हो सकेगी। साथ ही जरूरत पड़ने पर उन्हें समय रहते उचित उपचार और परामर्श भी उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य स्तर में सुधार आएगा।

Health Checkup
सांकेतिक फोटो

About The Author

Related Posts