Double Murder: बड़ौत में दिनदहाड़े दोहरा हत्याकांड, टेंट व्यापारी और बेटे को गोलियों से भूना
हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी घायल; एक हमलावर भीड़ के हत्थे चढ़ा
बड़ौत (सच कहूँ/डॉ संदीप कुमार)। Baraut Double Murder: बड़ौत शहर में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। दिल्ली बस अड्डा क्षेत्र गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब बदमाशों ने टेंट व्यापारी सोहनलाल और उनके बेटे विकास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विकास ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं फायरिंग के दौरान कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी घायल हो गया। भीड़ ने मौके से एक हमलावर को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों तथा मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही शहर में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
10 साल पुरानी रंजिश ने ली दो और जानें
जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में सोहनलाल और वरुण लुहारी पक्ष के बीच हुए खूनी संघर्ष में वरुण लुहारी के भाई की गोली लगने से मौत हो गई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच गहरी रंजिश चली आ रही थी। मंगलवार शाम सोहनलाल अपने बेटे विकास के साथ बस अड्डे के निकट स्थित दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे कई बदमाशों ने पिस्टल और तमंचों से अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
अचानक हुई फायरिंग से बाजार में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यापारी पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग हुई। गोलियों की गूंज से आसपास के दुकानदार और राहगीर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले में सोहनलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके बेटे विकास को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी घायल हो गया। वहीं पट्टी चौधरान निवासी राहगीर रोहित उर्फ राहुल को भी गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान लोगों ने साहस दिखाते हुए एक हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
हाईवे पर जाम, व्यापारियों और परिजनों का फूटा गुस्सा
दोहरे हत्याकांड से गुस्साए व्यापारियों और परिजनों ने बड़ौत बाजार बंद करा दिया और दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद लोगों ने हमलावरों का पीछा किया। इस दौरान छीना-झपटी में कुछ बदमाश अपने हथियार मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बरामद पिस्टल और तमंचे लोगों ने पुलिस को सौंप दिए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है। दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे बड़ौत क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतकों के घर पर मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
