सोने के टोप्स व दो लाख रुपए नकद ले उड़े चोर, सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी

आरोपी मौके पर छोड़ गया अपनी चप्पल और साफा

Published On

हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र की करणी नगर कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 7 चंदूरवाली निवासी एवं वर्तमान में टाउन में करणी नगर कॉलोनी, शिला पीर रोड स्थित मकान नम्बर 10 में रहने वाले 40 वर्षीय नितिन कुमार अरोड़ा पुत्र महेन्द्र कुमार ने थाने में रिपोर्ट दी। Hanumangarh News

रिपोर्ट में बताया कि वह 6 जून को अपने मकान पर ताला लगाकर किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। 9 जून को दोपहर करीब 12 बजे जब वह वापस घर लौटा तो मुख्य गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन घर के अंदर लगे सभी ताले टूटे हुए मिले। घर की जांच करने पर सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और अन्य सामान देखने पर एक जोड़ी सोने के टोप्स तथा करीब दो लाख रुपए नकद गायब मिले। पीड़ित के अनुसार 6 जून से 9 जून के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। टाउन थाना पुलिस ने नितिन कुमार की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचंद को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

सूने मकान में चोरी, जेवरात सहित नकदी व घरेलू सामान ले गए चोर

हनुमानगढ़। टाउन के पंजाबी मोहल्ला क्षेत्र में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर ने जेवरात, घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं चोरी कर लीं। टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पंजाबी मोहल्ला, बस स्टैंड के पीछे स्थित वार्ड नम्बर 20 की लीलाधर गली निवासी 43 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र विश्वनाथ नाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। Hanumangarh News

रिपोर्ट में बताया कि 3 जून को वह अपने परिवार सहित घर पर ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। इस दौरान दोपहर के समय कोई अज्ञात व्यक्ति मकान के मुख्य दरवाजे के ऊपर से अंदर घुस गया और घर में रखी अलमारी का सामान खंगाल लिया। चोर अलमारी में रखे सोने के जेवरात, जिनमें एक मंगलसूत्र, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, एक बिछिया, बच्चों के दो गुल्लक तथा घर में लगी चार टोंटियां चोरी कर ले गया। वहीं एक गुल्लक को तोड़कर उसमें रखी राशि भी निकाल ली।

आरोपी मौके पर छोड़ गया अपनी चप्पल और साफा

रिपोर्ट के अनुसार आरोपी घर में रखी राकेश कुमार की एक पेंट-शर्ट और जूते पहनकर फरार हो गया। जाते समय वह अपनी चप्पल, कपड़े और साफा मौके पर ही छोड़ गया, जो पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग माने जा रहे हैं। घटना का खुलासा 4 जून को तब हुआ जब पड़ोसी, जिसे घर की चाबी देकर गए थे, पौधों में पानी डालने पहुंचा। वहां चोरी का पता चलने पर उसने तुरंत राकेश कुमार को फोन कर सूचना दी। टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई कैलाशचंद को सौंपी गई है। पुलिस मौके से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts