जाट युवक का धर्मांतरण कराकर मुस्लिम बनाने के आरोपी पिता-पुत्री गिरफ्तार

प्रोपर्टी हड़पने के उद्देश्य से ब्लैकमेल कर शामली के प्रसिद्ध दवा व्यवसायी के बेटे का कराया था मतांतरण

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: शामली कस्बे के मोहल्ला काजीवाड़ा में संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से हिन्दू जाट युवक को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराने की आरोपी मुस्लिम युवती चांदनी कुरैशी व उसके पिता इस्लाम को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस ने एक दिन पूर्व ही मुस्लिम युवती के परिवार के सात सदस्यों व मौलवी समेत दस लोगो के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया था। आरोपियों पर दवा व्यवसायी की प्रोपर्टी हड़पने के उद्देश्य से दबाव बनाकर युवक का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है। 

रविवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के विभिन्न माध्यमों से ज्ञात हुआ कि चांदनी कुरैशी व उसकी बहन राहिल कुरैशी, सुमाईला कुरैशी, राबिया कुरैशी, भाई आस मोहम्मद उर्फ आसू कुरैशी, पिता इस्लाम कुरैशी तथा हुमा कुरैशी, सलीम उर्फ भोला व मौलवी मुनव्वर निवासीगण आजाद चौक मोहल्ला काजीवाडा शामली ने योजनाबद्ध तरीके से अपने प्रभाव में लेकर व दबाव बनाकर शामली के प्रसिद्ध दवा व्यवसायी एवं भारत मेडिकल स्टोर के संचालक देशराज मलिक के पुत्र आयुष मलिक निवासी मोहल्ला दयानंद नगर शामली का धर्म परिवर्तन कराया है। अब आरोपी चार वर्ष पूर्व का फर्जी निकाहनामा दिखाकर देवराज मलिक व उसके परिवार के अन्य सदस्यों से अनुचित मांग करते हुए उन्हें इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर कर रहे है।

विरोध करने पर आरोपियों के द्वारा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। विगत शनिवार को पीड़ित दवा व्यवसायी देवराज मलिक के द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली शामली में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा-318(4),336(3),338,61(2),308(5),351(3) व 3/5(1) उत्तर-प्रदेश विधि विरूद्ध धर्म परिवर्तन के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। रविवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा व उनकी टीम ने युवक का जबरन धर्म परिवर्तन कराने तथा जान से मारने की धमकी देने के प्रकरण में नामजद मुख्य आरोपी चांदनी कुरैशी व उसके पिता इस्लाम कुरैशी निवासीगण आजाद चौक मोहल्ला काजीवाडा कादियान मस्जिद के सामने शामली को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए पिता-पुत्री को जेल रवाना कर दिया गया, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन किया गया है। उनकी भी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी।

यशवीर महाराज की चेतावनी के बाद अलर्ट हुआ पुलिस-प्रशासन

दवा व्यवसायी के पुत्र को मुस्लिम बनाने का मुद्दा जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम के यशवीर महाराज ने दो दिन पूर्व प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने वीडियो जारी करके पूरे प्रकरण को सोशल मीडिया पर वायरल किया था। यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर हिन्दू से मुस्लिम बने युवक आयुष मलिक के नमाज पढ़ते व दाढ़ी बढ़ाये हुए फोटो भी शेयर किए थे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले पर संज्ञान लेकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने की मांग की थी। साथ ही, ऐसा न होने पर आरोपियों के घरों का घेराव करके धरना-प्रदर्शन की भी चेतावनी दी थी। यशवीर महाराज का दावा था कि आरोपी दवा व्यवसायी व उसके परिवार का धर्म परिवर्तन कराने का भी दबाव बना रहे है। महाराज की चेतावनी के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया और आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए रविवार को मुख्य आरोपी चांदनी कुरैशी व उसके पिता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

पाकिस्तान के इस्लामिक धर्मगुरु डॉ. इसरार को फॉलो करता है आयुष

एसपी शामली के अनुसार, हिन्दू से मुस्लिम बना युवक आयुष मलिक पाकिस्तान के आध्यात्मिक नेता डॉ. इसरार को फॉलो करता है। डॉ. इसरार पाकिस्तान का प्रमुख धार्मिक गुरु है, जिसका काम दूसरे समुदाय के लोगो को इस्लाम अपनाने हेतु प्रेरित करना है। आयुष भी सोशल मीडिया के माध्यम से उससे जुड़ा है। युवक के धर्म परिवर्तन में डॉ. इसरार के कट्टरपंथी विचारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि आयुष लंबी-लंबी दाढ़ी रखता है और नमाज आदि भी पढ़ता है। वह अपने पिता से भी कम बात करता है। एसपी ने बताया कि युवक आयुष भावुक प्रवृत्ति का है, जिसका फायदा उसके धर्म परिवर्तन में उठाया गया है। आरोपियों की नजर युवक आयुष के माध्यम से उसके दवा व्यवसायी पिता की करोडों की संपत्ति पर थी।

Kairana News

About The Author

Related Posts