Train Schedule Revised: मानसून टाइम टेबल 15 जून से लागू, दो ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव
कोंकण रेलवे क्षेत्र में सुरक्षित संचालन के लिए 20 अक्टूबर तक विशेष समय-सारणी लागू
Train Schedule Revised: जोधपुर। कोंकण रेलवे क्षेत्र में मानसून के दौरान सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए 15 जून से 20 अक्टूबर तक विशेष समय सारणी लागू की जाएगी। भारी वर्षा, भूस्खलन की आशंका तथा सुरक्षा कारणों से इस अवधि में कुछ रेलखंडों पर ट्रेनों की गति नियंत्रित रखी जाएगी। इसके चलते जोधपुर होकर संचालित होने वाली दो साप्ताहिक लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। Rajasthan Railway News
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मानसून अवधि में कोंकण रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा मानकों के अनुरूप ट्रेनों का संचालन करने के लिए ट्रेन संख्या 16311/16312 श्रीगंगानगर-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-श्रीगंगानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 22475/22476 हिसार-कोयंबटूर-हिसार एसी सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस की समय सारणी में अस्थाई बदलाव किया गया है।
उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 16311 श्रीगंगानगर-तिरुवनंतपुरम नॉर्थ साप्ताहिक एक्सप्रेस श्रीगंगानगर एवं जोधपुर से अपने निर्धारित समय पर ही रवाना होगी,लेकिन कोंकण रेलवे क्षेत्र में परिवर्तित समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएगी। इसके कारण ट्रेन तिरुवनंतपुरम नॉर्थ स्टेशन पर वर्तमान निर्धारित समय शाम 7.20 बजे के बजाय रात्रि 10.45 बजे पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी दिशा में भी ट्रेन के मार्ग में विभिन्न स्टेशनों पर समय में आंशिक परिवर्तन रहेगा। Rajasthan Railway News
वहीं जोधपुर होकर गुजरने वाली ट्रेन संख्या 22475 हिसार-कोयंबटूर एसी सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस कोयंबटूर स्टेशन पर दोपहर 2.30 बजे के स्थान पर शाम 5.10 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 22476 कोयंबटूर-हिसार एसी सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस कोयंबटूर से दोपहर 2.55 बजे के बजाय दोपहर 1.30 बजे प्रस्थान करेगी,ताकि परिवर्तित मानसून समय-सारणी के अनुरूप इसका संचालन किया जा सके।
बरती जाती है अतिरिक्त सतर्कता
रेलवे प्रशासन के अनुसार मानसून अवधि में कोंकण रेलवे क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाती है तथा सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेनों की गति पर विशेष नियंत्रण रखा जाता है। यात्रियों से यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेनों की अद्यतन समय-सारणी की जानकारी रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणालियों से प्राप्त करने की अपील की गई है। Rajasthan Railway News